राहुल गांधी ने पूर्व सैनिकों के ईसीएचएस के लिए बजट बढ़ाने और विकलांग पेंशन कर हटाने को लेकर वित्तमंत्री को लिखा पत्र

WhatsApp Channel Join Now
राहुल गांधी ने पूर्व सैनिकों के ईसीएचएस के लिए बजट बढ़ाने और विकलांग पेंशन कर हटाने को लेकर वित्तमंत्री को लिखा पत्र


नई दिल्ली, 28 फरवरी (हि.स.)। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधीने वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र लिखकर पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना के लिए पर्याप्त बजट का आवंटन करने और दिव्यांगता पेंशन पर प्रस्तावित आयकर प्रावधान वापस लेने की मांग की है।

राहुल गांधी ने 25 फरवरी को लिखे पत्र में कहा कि सशस्त्र बल कर्मियों से जुड़े दो महत्वपूर्ण विषयों पर तत्काल ध्यान आवश्यक है। पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना गंभीर वित्तीय संकट से गुजर रही है। 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक के चिकित्सा बिल लंबित हैं। बजट आवंटन आवश्यकता से लगभग 30 प्रतिशत कम है। भुगतान में देरी के कारण कई अस्पताल योजना से अलग हो रहे हैं। इसके चलते पूर्व सैनिकों को उपचार के लिए स्वयं व्यय करना पड़ रहा है और गंभीर बीमारियों के इलाज में विलंब हो रहा है।

राहुल गांधी ने इस साल के वित्त विधेयक का जिक्र करते हुए कहा कि सेवा में बने रहने वाले सैनिकों की दिव्यांगता पेंशन पर आयकर लगाने का प्रस्ताव किया गया है। उन्होंने कहा कि साल 1922 के बाद पहली बार दिव्यांगता पेंशन पर कर लगाने की स्थिति बनी है। पत्र में कहा गया है कि दिव्यांगता पेंशन आय नहीं, बल्कि सेवा के दौरान लगी चोट का प्रतिकर है। ऐसे में इस पर कर लगाना उचित नहीं है। राहुल गांधी ने कहा कि पूर्व सैनिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उनसे भेंट कर ये मुद्दे उठाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story