महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन से चुनावी नक्शा बदलने की कोशिशः राहुल गांधी
नई दिल्ली, 28 नवंबर (हि.स.)। लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 850 करने के प्रस्ताव पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण को आगे रखकर परिसीमन के जरिए देश का चुनावी नक्शा बदलने और भारतीय जनता पार्टी को राजनीतिक लाभ पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मांग की कि परिसीमन के लिए सर्वदलीय आयोग बनाया जाए और महिला आरक्षण को मौजूदा 543 लोकसभा सीटों पर ही लागू किया जाए।
संसद के विशेष सत्र से पहले राहुल गांधी ने शनिवार को यहां पार्टी ने नए मुख्यालय इंदिरा भवन में पत्रकार वार्ता की। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित परिसीमन विधेयक केवल लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने का मामला नहीं है, बल्कि इससे निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं और विभिन्न वर्गों का प्रतिनिधित्व प्रभावित होगा। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से तीन दिसंबर तक बुलाया गया है। इस दौरान परिसीमन विधेयक पेश किए जाने की तैयारी है।
राहुल गांधी ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पहले ही पारित हो चुका है और इसे मौजूदा 543 सीटों पर लागू किया जा सकता है। ऐसे में सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने की जरूरत समझ से परे है। 850 का आंकड़ा याद रखा जाना चाहिए, क्योंकि उनके अनुसार इसके जरिए चुनावी क्षेत्रों का नक्शा बदलने की खुली छूट मिल सकती है।
उन्होंने जाति जनगणना और आरक्षण के मुद्दे पर कहा कि सरकार 2027 की जनगणना के आंकड़ों के बजाय 2011 की जनगणना के आधार पर आगे बढ़ना चाहती है। नई जनगणना से अन्य पिछड़ा वर्ग और दलित आबादी से जुड़े ऐसे तथ्य सामने आ सकते हैं, जो सरकार के लिए असहज हों। प्रस्तावित व्यवस्था में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों का अनुपात लंबे समय तक स्थिर रह सकता है, जबकि इन वर्गों की आबादी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि इससे एससी, एसटी और ओबीसी के अधिकार प्रभावित होंगे।
राहुल गांधी ने परिसीमन आयोग की प्रस्तावित संरचना और चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग पर कब्जा कर लिया गया है। परिसीमन प्रक्रिया का इस्तेमाल चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं इस तरह तय करने के लिए किया जा सकता है, जिससे भाजपा को लाभ मिले।
उन्होंने जम्मू-कश्मीर और असम का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि वहां मतदाताओं को एक निर्वाचन क्षेत्र से दूसरे में स्थानांतरित किया गया और सीमाओं में बदलाव से भाजपा को फायदा पहुंचाने की कोशिश हुई। देश के चुनावी नक्शे के साथ भी ऐसा हो सकता है। उन्होंने दोहराया कि परिसीमन के लिए सर्वदलीय आयोग बनाया जाना चाहिए और महिला आरक्षण में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए उप-कोटा भी शामिल किया जाना चाहिए।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

