पंजाब में बोले अमित शाह- राहुल गांधी कभी देश के प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे

WhatsApp Channel Join Now
पंजाब में बोले अमित शाह- राहुल गांधी कभी देश के प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे


- गृहमंत्री ने चंडीगढ़ में 250 करोड़ की नौ परियोजनाओं का शिलान्यास व उदघाटन किया

चंडीगढ़, 01 नवंबर (हि.स.)। गृहमंत्री अमित शाह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि सोनिया का सपना है कि उनका बेटा प्रधानमंत्री बने, लेकिन यह सपना पूरा नहीं हो रहा। अब उन्होंने मॉक पार्लियामेंट करने का नया तरीका तलाशा है। शाह ने कहा कि मैं राहुल से कहना चाहता हूं कि अगर आपको प्रधानमंत्री बनना है, तो पूरा जीवन मॉक पार्लियामेंट में ही बने रहिए। आपका नंबर कभी नहीं लगने वाला। तीन चुनावों से ये हार रहे हैं।

अमित शाह रविवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित तिरंगा पार्क में 250 करोड़ के 9 प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि झूठ बोलना, अराजकता फैलाना, संसद नहीं चलने देना और संसद के मुद्दों को सडक़ पर लाकर हंगामा करना, अगर आपकी यही कार्यशैली रही तो आने वाले पांच साल भी विपक्ष में बैठने के लिए तैयार हो जाइए। गृह मंत्री ने कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी नरसंहार के काले दिन पर बड़ा जलसा करने की इच्छा रखती है, तो राहुल आपकी मोहब्बत की दुकान से नफरत के अलावा कोई कुछ लेकर नहीं जाएगा। लोग केवल नफरत लेकर जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इसके बावजूद कार्यक्रम आयोजित करने की जिद की गई और विदेश से आदेश दिया गया कि उसी दिन कार्यक्रम होगा, जिस दिन हजारों सिखों को जिंदा जलाया गया था। मैं गुरुओं की इस पवित्र धरती से इस प्रयास की निंदा करता हूं। इसे भारत और पंजाब कभी नहीं भूल पाएंगे। गृह मंत्री ने कहा कि हमने सोचा था कि उस समय राहुल गांधी की उम्र कम रही होगी और शायद उन्होंने इतिहास नहीं पढ़ा होगा। इसलिए उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं होगी। हमारी पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपील की थी कि 1, 2 या 3 नवंबर को कार्यक्रम न रखा जाए, क्योंकि ये 1984 के सिख विरोधी दंगों के दिन हैं। इससे सिख परिवारों की माताओं, बहनों और बच्चों की भावनाएं आहत होंगी।

शाह ने कहा कि मुझे विश्वास है कि पंजाब के नजदीक होने के बावजूद चंडीगढ़ देश का सबसे पहले नशामुक्त होने वाला शहर बनेगा। एनडीपीएस के मामलों में नए कानून आने के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने 93 प्रतिशत आरोपियों को जेल भेजा है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पंजाब में विधानसभा चुनाव आने वाले हैं। वहां एनडीए की सरकार बनानी है। ऐसी आवाज नहीं चलेगी। इसके बाद उन्होंने लोगों से दोनों हाथ उठाकर नारे लगाने की अपील की। गृहमंत्री ने कहा कि पंजाब में एनडीए सरकार की जीत का बीज बोकर जा रहे हैं।

चंडीगढ़ के प्रशासक एवं पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण और गौरवशाली है। देश के गृह मंत्री एवं सहकारिता मंत्री की उपस्थिति ने इस अवसर को और खास बना दिया है। आज चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा का स्थापना दिवस है। मैं इस अवसर पर तीनों की जनता को हार्दिक बधाई देता हूं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770686 Articles

Share this story