प्रधानमंत्री मोदी समेत कई नेताओं ने दी राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी समेत कई नेताओं ने दी राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं


नई दिल्ली, 19 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई नेताओं ने शुक्रवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्म दिवस के अवसर पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर कहा, ''लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को उनके जन्मदिन पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं। उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं।'' ओम बिरला ने कहा कि ईश्वर से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करता हूं। खरगे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सबको साथ लेकर चलने, सामाजिक न्याय, सद्भाव और करुणा की परंपरा आपके सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व में झलकती है। ईश्वर आपको अच्छा स्वास्थ्य, खुशी, शक्ति और देश की सेवा में लंबी उम्र प्रदान करे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने कहा कि सच्चाई, निर्भीकता व साहस के पर्याय, कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं के नैतिक बल, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में एक बार फिर से लोकतंत्र मजबूत होगा। मैं ईश्वर से आपके स्वस्थ व दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।

कांग्रेस राज्यसभा सदस्य अभिषेक मनु सिंहवी ने कहा कि वर्षों से आपके साथ निकटता से काम करते हुए मैंने आपके भीतर एक ऐसे नेता को देखा है जो दृढ़ विश्वासों के साथ आगे बढ़ता है, लेकिन उतनी ही विनम्रता से लोगों की बात भी सुनता है। ईश्वर आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के पथ पर निरंतर सफलता प्रदान करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story