राहुल गांधी के काफिले में चल रहे वाहनों की टक्कर की जांच के लिए एसआईटी गठित

WhatsApp Channel Join Now
राहुल गांधी के काफिले में चल रहे वाहनों की टक्कर की जांच के लिए एसआईटी गठित


लखनऊ, 26 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जाने के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के काफिले में चल रहे वाहनों के टकराने की घटना की जांच के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के निर्देश पर गठित यह दल दुर्घटना के कारणों, परिस्थितियों और सुरक्षा व यातायात व्यवस्था में संभावित चूक की विस्तृत जांच करेगा।

राहुल गांधी सोमवार को सड़क मार्ग से सुलतानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश होने जा रहे थे। इसी दौरान राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आपस में टकरा गईं।

पुलिस मुख्यालय की ओर से सोमवार को जारी आदेश में एसआईटी की अध्यक्षता लखनऊ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक किरण एस करेंगे। दल में सुलतानपुर के अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह और यातायात के पुलिस उपाधीक्षक राम कृष्ण चतुर्वेदी को सदस्य बनाया गया है। एसआईटी दुर्घटना के वास्तविक कारणों और उससे जुड़ी परिस्थितियों की पड़ताल करेगी। इसके साथ ही राहुल गांधी के दौरे के दौरान सुरक्षा, एस्कॉर्ट और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था का परीक्षण भी किया जाएगा। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि घटना के पीछे कोई लापरवाही या सुरक्षा संबंधी चूक तो नहीं रही।

पुलिस मुख्यालय ने एसआईटी को घटना के सभी पहलुओं की समग्र जांच कर विस्तृत रिपोर्ट जल्द से जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव देने को भी कहा गया है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच दल की रिपोर्ट के आधार पर दुर्घटना से जुड़े तथ्यों और व्यवस्थागत कमियों का आकलन किया जाएगा।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766928 Articles

Share this story