लोकतंत्र में सवाल पूछना, अपनी बात रखना नागरिकों का अधिकारः राहुल गांधी

WhatsApp Channel Join Now
लोकतंत्र में सवाल पूछना, अपनी बात रखना नागरिकों का अधिकारः राहुल गांधी


नई दिल्ली, 26 फरवरी (हि.स.)। भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शनों के बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में कहा कि लोकतंत्र तब मजबूत होता है जब सरकार आलोचना सुनती है और जवाब देती है। भारत एक लोकतांत्रिक देश है और यहां सवाल पूछना लोकतंत्र का हिस्सा है। लोकतंत्र में सवाल पूछना और अपनी बात रखना नागरिकों का अधिकार है। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह आलोचना को सुने और उसका जवाब दे।उन्होंने कहा कि आज देश में शांतिपूर्ण विरोध को अपराध की तरह देखा जा रहा है। विभिन्न मुद्दों पर आवाज उठाने वाले युवाओं, महिला खिलाड़ियों, किसानों और अन्य लोगों को कार्रवाई का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि असहमति को देशविरोध से जोड़कर देखा जा रहा है।राहुल ने कहा कि कई मौकों पर युवा, महिला खिलाड़ियों, किसानों, आदिवासियों एवं अन्य समूहों ने अपने अधिकारों और मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाई, लेकिन उनकी मांगों पर संवाद के बजाय कार्रवाई देखने को मिली।उल्लेखनीय है कि दिल्ली में 16-21 फरवरी तक आयोजित एआई शिखर सम्मेलन के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के अर्धनग्न विरोध प्रदर्शन के मामले में कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब को भी गिरफ्तार किया गया है।---------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story