संसद मार्च के दौरान आरएएफ जवान पर हमला और पथराव में जख्मी एसीपी मामले में प्राथमिकी दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
संसद मार्च के दौरान आरएएफ जवान पर हमला और पथराव में जख्मी एसीपी मामले में प्राथमिकी दर्ज


नई दिल्ली, 22 जुलाई (हि.स.)। सोशल मीडिया अभियान कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संसद मार्च के दौरान मंगलवार को कनॉट प्लेस इलाके में रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) के एक जवान पर कथित तौर पर तलवारों से हमला और जंतर-मंतर पर हुए पथराव में घायल एसीपी जयप्रकाश मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है।

पुलिस के मुताबिक कनॉट प्लेस इलाके में प्रदर्शन के दौरान अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी बीच कुछ प्रदर्शनकारी एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहे थे। हालात बिगड़ते देख आरएएफ का एक जवान उस व्यक्ति को बचाने के लिए आगे बढ़ा। आरोप है कि इसी दौरान प्रदर्शनकारियों के साथ उसकी कहासुनी और फिर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हंगामे के बीच जवान अपने साथियों से अलग पड़ गया और भीड़ ने उसे चारों ओर से घेर लिया।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि दो लोग हाथों में तलवार लिए जवान की ओर दौड़ते हैं, जबकि एक अन्य व्यक्ति डंडा लेकर उसके पीछे भागता दिखाई देता है। जवान जान बचाने के लिए तेजी से भागता है, लेकिन भीड़ लगातार उसका पीछा करती रहती है। दूसरे वायरल वीडियो में दावा किया गया है कि भागते समय एक व्यक्ति जवान को टांग अड़ाकर गिरा देता है। जमीन पर गिरते ही कई लोग उसे घेर लेते हैं और उसके साथ मारपीट शुरू कर देते हैं।

इसी दौरान अपने साथी को बचाने पहुंचे आरएएफ के दूसरे जवान पर भी भीड़ ने हमला कर दिया। वायरल वीडियो में उसके चेहरे से खून बहता दिखाई दे रहा है। मौके पर मौजूद अन्य सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह दोनों जवानों को भीड़ से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

नई दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सचिन शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरएएफ जवानों पर हमले के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस वायरल वीडियो और अन्य सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि हिंसा में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

उधर, मंगलवार को जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन उस समय हिंसक हो गया, जब प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। शाम करीब 4:30 बजे कानून-व्यवस्था की ड्यूटी पर तैनात एसीपी जयप्रकाश (एसीपी, पंजाबी बाग) के माथे पर पत्थर आकर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार एसीपी ड्यूटी के दौरान प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे थे, तभी उन पर पत्थर फेंका गया।

दिल्ली पुलिस ने कहा कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है। हिंसा से जुड़े सभी वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। पुलिस ने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, सरकारी कर्मचारियों पर हमला करने और हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पूरे घटनाक्रम के बाद कनॉट प्लेस, जंतर-मंतर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story