क्वाड के मनीला शिखर सम्मेलन के नतीजे उसके व्यापक एजेंडे को दर्शाते हैं: विक्रम मिसरी
नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने मंगलवार को कहा कि मनीला में आयोजित क्वाड नेताओं का शिखर सम्मेलन समूह के व्यापक एजेंडे को दर्शाता है। सम्मेलन में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने के साथ समुद्री सुरक्षा, संपर्क, साइबर सहयोग और क्षमता निर्माण से जुड़े कई ठोस फैसले लिए गए हैं।
मिसरी ने शिखर सम्मेलन के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि क्वाड के नतीजे हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लोगों के लिए ठोस सार्वजनिक हितों से जुड़ी सुविधाएं और सहयोग उपलब्ध कराने पर केंद्रित हैं। इनमें आपूर्ति शृंखला की मजबूती, विविधीकरण, संपर्क और क्षमता निर्माण जैसे मुद्दे शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि नई घोषित हिंद-प्रशांत समुद्री निगरानी सहयोग पहल के तहत पहला अभ्यास मार्च 2027 में गुआम में आयोजित होने वाले 'सी ड्रैगन' अभ्यास के साथ किया जाएगा। यह पहल समुद्री क्षेत्र की निगरानी के संबंध में क्वाड देशों के बीच पहले से जारी सहयोग को आगे बढ़ाएगी। इसके तहत अवैध मछली पकड़ने और तस्करी जैसी साझा चुनौतियों से निपटने पर ध्यान दिया जाएगा।
विदेश सचिव ने कहा कि क्वाड की केबल संपर्क और मजबूती साझेदारी का दायरा भी बढ़ाया जाएगा। अभी तक यह दूरसंचार केबल की सुरक्षा पर केंद्रित थी, लेकिन अब इसमें समुद्र के नीचे बिछाई जाने वाली ऊर्जा केबल को भी शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही साइबर घटनाओं की बढ़ती संख्या और उनके प्रभाव से निपटने के लिए चारों देशों के बीच साइबर सहयोग को मजबूत किया जाएगा।
मिसरी ने बताया कि क्वाड नेताओं ने पहली बार एक व्यावसायिक मंच शुरू करने पर सहमति जताई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बैठक में कहा कि भारत 2027 की पहली तिमाही में इस मंच की मेजबानी करने का इच्छुक है।
उन्होंने कहा कि मनीला में आयोजित तीनों शिखर बैठकों में प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि भू-राजनीतिक तनाव और अनिश्चितताओं से भरी मौजूदा दुनिया को शांति, स्थिरता और पूर्वानुमेयता की जरूरत है।
मिसरी के अनुसार, यह बैठक काफी सार्थक, दूरदर्शी और व्यावहारिक रही। इसमें चारों साझेदार देशों ने स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा आपसी व्यावहारिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

