रथ यात्रा से पहले श्रीमंदिर में आज सार्वजनिक दर्शन बंद, सिंहद्वार के सामने लाए जाएंगे तीनों रथ

WhatsApp Channel Join Now
रथ यात्रा से पहले श्रीमंदिर में आज सार्वजनिक दर्शन बंद, सिंहद्वार के सामने लाए जाएंगे तीनों रथ


रथ यात्रा से पहले श्रीमंदिर में आज सार्वजनिक दर्शन बंद, सिंहद्वार के सामने लाए जाएंगे तीनों रथ


भुवनेश्वर, 15 जुलाई (हि.स.)। विश्वप्रसिद्ध श्रीजगन्नाथ रथ यात्रा से एक दिन पहले बुधवार को श्रीजगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) ने भगवान श्रीजगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के सार्वजनिक दर्शन पर रोक लगा दी है। यह निर्णय रथ यात्रा की अंतिम तैयारियों और पारंपरिक अनुष्ठानों के सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

आज श्रीमंदिर परिसर में रथ यात्रा से जुड़े महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे। सुबह मंदिर की दैनिक नीतियों के तहत गोपाल बल्लभ और सकाल धूप की रस्में संपन्न हुईं। इसके बाद पारंपरिक आज्ञामाला बीजे अनुष्ठान होगा, जिसमें तीनों देवताओं की आज्ञामाला सेवायतों द्वारा भव्य शोभायात्रा के साथ रथों तक पहुंचाई जाएगी।

आज्ञामाला बीजे के उपरांत तीनों रथों को रथखला से खींचकर श्रीमंदिर के सिंहद्वार के सामने स्थापित किया जाएगा। परंपरा के अनुसार सबसे पहले भगवान श्रीजगन्नाथ के नंदीघोष रथ, उसके बाद देवी सुभद्रा के दर्पदलन रथ और अंत में भगवान बलभद्र के तालध्वज रथ को निर्धारित स्थान पर लाया जाएगा।

रथों की यह पारंपरिक स्थापना रथ यात्रा की अंतिम तैयारी मानी जाती है। गुरुवार को भगवान श्रीजगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा अपने-अपने भव्य रथों पर विराजमान होकर श्रीगुंडिचा मंदिर की ओर प्रस्थान करेंगे। इस ऐतिहासिक और धार्मिक महापर्व में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो

Share this story