पंजाब की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा का दावा, पुलिस स्टेशनों पर हो रहे हमले

WhatsApp Channel Join Now
पंजाब की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा का दावा, पुलिस स्टेशनों पर हो रहे हमले


नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी और राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार पर तीखा हमला बोला है। तरुण चुघ ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति भयानक दौर से गुजर रही है। मुख्यमंत्री जो खुद गृह मंत्री भी हैं, उन्हें प्रदेश की चिंता नहीं है।

भाजपा मुख्यालय में गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में तरुण चुघ ने दावा किया कि पंजाब में 23 पुलिस थानों पर ग्रेनेड हमले हुए हैं। रॉकेट लांचर से पंजाब पुलिस के हेडक्वार्टर पर हमला होता है। चुघ ने कहा कि वर्दी और थाना दो ही आम नागरिक की शांति की गारंटी होते हैं लेकिन पंजाब में पुलिस स्टेशनों पर ग्रेनेड हमले हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि हर गांव में पुलिस स्टेशन के ऊपर टिन की दीवारें, जाली की दीवारें की जा रही हैं ताकि कोई अंदर ग्रेनेड न फेंक सके। यानी पंजाब पुलिस के थाने खुद भय के वातावरण में हैं। वर्दी में घर जा रहे कर्मचारियों को पत्र निकाल कर कहा जा रहा है कि वर्दी में घर न जाएं।

चुघ ने कहा कि पुलिस ऑफिसर्स को मारना, उनका वीडियो डालना, ग्रेनेड फेंकना और उसका वीडियो डालना आदत बन गई है और पंजाब सरकार माफिया के आगे सरेंडर कर चुकी है। उन्होंने कहा कि आज पंजाब पूरी तरह से ड्रग माफिया के कंट्रोल में है। गली-गली में, मोहल्ले-मोहल्ले में, गांव-गांव में नशा बिक रहा है और उसे रोकने, सप्लाई चेन तोड़ने में भगवंत मान का शासन, प्रशासन, सरकार पूरी तरह फेल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768865 Articles

Share this story