जालंधर से दो आईएसआई जासूसी मॉड्यूल का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जालंधर से दो आईएसआई जासूसी मॉड्यूल का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार


जालंधर, 30 अप्रैल (हि.स.)। पंजाब पुलिस ने आईएसआई समर्थित दो अलग-अलग जासूसी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करके तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जो संवेदनशील सैन्य ठिकानों की निगरानी कर उनकी लाइव फुटेज पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों तक पहुंचा रहे थे।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार को बताया कि इन मॉड्यूल में हाई-टेक चीनी सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर ने एक ऑपरेटिव को गिरफ्तार कर पहले मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। उसके के कब्जे से 4जी कनेक्टिविटी वाला चीनी सीसीटीवी कैमरा और सोलर प्लेट बरामद की गई है। इसी तरह कपूरथला पुलिस ने एक केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त ऑपरेशन में दो अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चार मोबाइल फोन, एक सिम-आधारित सीसीटीवी कैमरा और एक वाई-फाई सेट बरामद किया गया है।

डीजीपी के अनुसार ये मॉड्यूल विभिन्न स्थानों पर सौर ऊर्जा से चलने वाले कैमरे लगाकर रक्षा संस्थानों सहित संवेदनशील स्थानों की निगरानी कर रहे थे। यह कैमरे मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए सीधे पाकिस्तानी हैंडलरों को लाइव फुटेज भेजते थे। उन्होंने बताया कि इन कैमरों की खासियत यह है कि ये बिना किसी पारंपरिक वायरिंग के 4जी नेटवर्क और सौर ऊर्जा के जरिए काम करते हैं, जिससे इन्हें दूरदराज क्षेत्रों में भी आसानी से स्थापित किया जा सकता है। पहले ऑपरेशन में जिला फिरोजपुर के गांव सहांके निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुखा को गिरफ्तार किया गया है। कपूरथला मॉड्यूल में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दोना मट्टर और संदीप सिंह उर्फ सोनू के रूप में हुई है।

एआईजी काउंटर इंटेलिजेंस सिमरतपाल सिंह ढींडसा ने बताया कि सुखविंदर सिंह से पूछताछ के बाद एक सिम कार्ड और सोलर प्लेट सहित सीसीटीवी कैमरा बरामद किया गया है। एसएसपी कपूरथला गौरव तूरा ने बताया कि सेना छावनी के पास निगरानी की सूचना मिलने पर मॉडल टाउन स्थित एक दुकान पर छापा मारा गया, जहां आरोपितों ने खंभे पर कैमरा लगाने के लिए दुकान किराए पर ली थी। जांच में यह भी सामने आया है कि ‘फौजी’ नामक पाकिस्तान स्थित हैंडलर ने कैमरा लगाने के लिए आरोपियों को 35 हजार रुपये दिए थे।

इसके अलावा संदीप सिंह नशा तस्करी में भी शामिल था और उसने ड्रोन के जरिए भेजी गई एक किलो हेरोइन की सप्लाई के लिए 50 हजार रुपये प्राप्त किए थे। पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर ली हैं और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई से राज्य में सक्रिय जासूसी और तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।-------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Share this story