जालंधर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, रोड शो में उमड़ी भारी भीड़

WhatsApp Channel Join Now
जालंधर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, रोड शो में उमड़ी भारी भीड़


जालंधर, 21 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार देर रात करीब 10 बजे जालंधर पहुंचे। उनके आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने जोरदार स्वागत किया। श्रीराम चौक (कंपनी बाग) से भगवान वाल्मीकि चौक तक एक भव्य रोड शो निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया।

रोड शो के दौरान जगह-जगह फूलों की वर्षा कर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में दोआबा क्षेत्र की भाजपा लीडरशिप, वरिष्ठ नेता, जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस अवसर पर नितिन नवीन ने कहा कि पंजाब की धरती हमेशा से शूरवीरों की धरती रही है और इस प्रदेश ने कभी किसी के सामने झुकना नहीं सीखा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पंजाब में भारतीय जनता पार्टी का कमल खिलेगा।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में पंजाब के लोगों ने विभिन्न राजनीतिक दलों पर किए गए विश्वास को टूटते हुए देखा है, जिसके कारण जनता अब एक नया विकल्प तलाश रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पंजाब की जनता भारतीय जनता पार्टी को मजबूत समर्थन देगी।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में भाजपा को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और इसका प्रभाव पंजाब में भी देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पार्टी ने अन्य राज्यों में अपनी स्थिति मजबूत की है, उसी प्रकार पंजाब में भी भाजपा संगठन लगातार मजबूत हो रहा है।

रोड शो के बाद नितिन नवीन ने स्थानीय नेताओं और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर वर्ष 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों को लेकर चर्चा की। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।

पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा, भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए राज्य की सभी 117 सीटों पर पूरी तरह तैयार है और 2027 में पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी।

भाजपा नेताओं ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे से पंजाब में पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि आगामी समय में संगठन को और मजबूत करने के लिए इस तरह के कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Share this story