पंजाब के तरनतारन सेक्टर में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर दो पाकिस्तानी घुसपैठिए ढेर

WhatsApp Channel Join Now

- तीसरा संदिग्ध वापस पाकिस्तान की ओर भागा

तरनतारन, 02 अक्टूबर (हि.स.)। भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे तरनतारन जिले में घुसपैठ की कोशिश के दौरान बीएसएफ की फायरिंग में दो पाकिस्तानी नागरिकों की मौत हो गई। घटना खालड़ा थाना क्षेत्र के गांव राजोके के पास स्थित बीओपी राजोके इलाके में दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है।

बीएसएफ जवानों ने सीमा के पास संदिग्ध गतिविधि देखी और भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे लोगों को रुकने की चेतावनी दी। इसके बावजूद जब उन्होंने आगे बढ़ना जारी रखा तो जवानों ने फायरिंग की। फायरिंग में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बीएसएफ के मुताबिक दोनों पाकिस्तान के नागरिक थे, हालांकि उनकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। घटना के दौरान एक अन्य संदिग्ध व्यक्ति भी भारतीय सीमा में दाखिल होने की कोशिश कर रहा था। बताया जा रहा है कि फायरिंग शुरू होने के बाद वह वापस पाकिस्तान की तरफ भागने में सफल रहा।

घटना के बाद सीमा क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि घुसपैठ की कोशिश के पीछे क्या मकसद था और मारे गए व्यक्तियों के पास किसी तरह की संदिग्ध सामग्री या सामान मौजूद था या नहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Share this story