पंजाब के कृषि क्षेत्र को केंद्र सरकार ने दिया 352.64 करोड़ रुपये का पैकेज

WhatsApp Channel Join Now
पंजाब के कृषि क्षेत्र को केंद्र सरकार ने दिया 352.64 करोड़ रुपये का पैकेज


- केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सात नई परियोजनाओं को दी मंजूरी

मोहाली, 17 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब के कृषि क्षेत्र के विकास के लिए 352.64 करोड़ रुपये के वित्तीय पैकेज की घोषणा की है। इसमें प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत 254.20 करोड़ रुपये और 98.44 करोड़ रुपये की सात नई परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।

मोहाली जिले के गांव बड़ापुर में आयोजित 'खेत बचाओ अभियान' कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां को स्वीकृति पत्र सौंपा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर केंद्र और राज्य सरकारों को किसानों के कल्याण के लिए मिलकर काम करना चाहिए। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकारें अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन किसानों की सेवा करना सभी की साझा जिम्मेदारी है। स्वीकृत राशि से कृषि उत्पादन बढ़ाने, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और प्रदेश के कृषि विकास को गति देने में मदद मिलेगी।

केंद्रीय कृषि मंत्री ने खाद की कालाबाजारी और किसानों को जबरन अन्य उत्पाद बेचने के मामलों पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने चेतावनी दी कि खाद की कालाबाजारी करने और अनधिकृत रूप से दूसरे उत्पादों की खरीद के लिए मजबूर करने वाले विक्रेताओं को जेल भेजा जाएगा।उन्होंने कहा कि सरकार महंगी दरों पर खाद आयात करके किसानों को भारी अनुदान पर उपलब्ध कराती है। ऐसे में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने बताया कि नकली बीज, घटिया कीटनाशकों और फर्जी खाद की बिक्री रोकने के लिए केंद्र सरकार नया सख्त कानून लाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए देशभर के किसानों और कृषि विशेषज्ञों से सुझाव लिए जा रहे हैं। शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि रासायनिक खाद पर निर्भरता कम करने के लिए देशभर में 10 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में हरित अमोनिया का परीक्षण शुरू किया गया है। उन्होंने अपने दौरे के दौरान इस तकनीक का प्रत्यक्ष प्रदर्शन भी देखा।

उन्होंने किसानों से अपील की कि यूरिया और डीएपी का अत्यधिक इस्तेमाल करने के बजाय मिट्टी की जांच करवाकर जरूरत के अनुसार ही खाद का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अवैज्ञानिक इस्तेमाल से मिट्टी की उर्वरता प्रभावित हो रही है। केंद्रीय मंत्री ने पंजाब के किसानों को गेहूं और धान के पारंपरिक फसल चक्र से बाहर निकलकर कृषि विविधीकरण अपनाने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि छोटे और सीमांत किसान खेती के साथ बागवानी, डेयरी, मत्स्य पालन, मुर्गी पालन, बकरी पालन, मशरूम उत्पादन और मधुमक्खी पालन जैसे व्यवसाय अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं। उन्होंने बताया कि आगामी केंद्रीय बजट में एकीकृत खेती से जुड़ी अधिक परियोजनाओं को शामिल करने की योजना है, ताकि किसानों को वर्षभर आय के अतिरिक्त साधन उपलब्ध हो सकें।

पराली जलाने की घटनाओं में कमी पर पंजाब के किसानों की सराहना

शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में कमी लाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से किसान भूपिंदर सिंह की प्रशंसा की, जो पराली जलाने के बजाय फसल अवशेषों को मिट्टी में मिलाकर उसका उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के जवानों ने देश की सीमाओं की रक्षा की है, जबकि यहां के किसानों ने हरित क्रांति के दौरान अपनी मेहनत से देश के अनाज भंडार भरे हैं।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने प्रगतिशील किसानों से बातचीत की और जैविक खेती, डेयरी उत्पादन, मधुमक्खी पालन तथा केंचुआ खाद बनाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को राष्ट्रीय मधुमक्खी बोर्ड की विशेष बैठक बुलाने के निर्देश दिए, ताकि शहद उत्पादकों की समस्याओं का समाधान किया जा सके। इसके साथ ही जैविक उत्पादों के प्रमाणीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाने पर भी जोर दिया।

-----------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778578 Articles

Share this story