भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राजग में अकाली दल का स्वागत किया, बोले- पंजाब फिर होगा खुशहाल

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राजग में अकाली दल का स्वागत किया, बोले- पंजाब फिर होगा खुशहाल


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राजग में अकाली दल का स्वागत किया, बोले- पंजाब फिर होगा खुशहाल


नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के बीच पंजाब में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के तहत साथ आने की घोषणा का पंजाब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने स्वागत किया है।

भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए केवल सिंह ढिल्लों ने गुरु पर्व की बधाई देते हुए कहा कि आज बहुत शुभ दिन है। इस दिन दो पार्टियां एक मंच पर आई है। मौजूदा राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी ने बुरा हाल कर दिया है इसलिए अच्छी सरकार आएगी और पंजाब का भला होगा, पंजाब फिर से खुशहाल होगा।

गठबंधन की घोषणा में भ्रष्टाचार और नशा खत्म करने की बात पर केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि सबसे पहले हम नशे को खत्म करेंगे। नशा पंजाब में बहुत बड़ी समस्या है। पंजाब की माली हालत बहुत बुरी है, पंजाब के कर्मचारियों की समस्या है, पंजाब में हालात बहुत खराब हैं।उन्होंने कहा कि नौजवानों के लिए रोजगार नहीं है, हमारे नौजवान बाहर जा रहे हैं। हम इंडस्ट्रियलाइजेशन करेंगे और जब राजग गठबंधन की डबल इंजन की सरकार आएगी तो पंजाब में तरक्की होगी। पंजाब नशा मुक्त होगा।

उन्होंने कहा कि राजग गठबंधन सभी ११७ सीटों पर चुनाव अकाली दल के साथ मिलकर लड़ेगा और जल्दी ही सीटों को लेकर सहमति बन जाएगी।

मुख्यमंत्री के सवाल पर ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में शिरोमणि अकाली दल बड़े भाई की भूमिका निभाएगा और गठबंधन का मुख्यमंत्री पद का चेहरा इसी दल से होगा।

पंजाब चुनाव को लेकर भाजपा की तरफ से गठित १६ सदस्यीय कमेटी को लेकर उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए यह समिति पार्टी की रणनीति को और मजबूत करने, चुनावी तैयारियों तथा संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और राज्य को विकास, समृद्धि एवं स्थिरता के रास्ते पर आगे ले जाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782376 Articles

Share this story