पंजाब की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी रखें कार्यकर्ता : नितिन नवीन

WhatsApp Channel Join Now
पंजाब की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी रखें कार्यकर्ता : नितिन नवीन


- लुधियाना में वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ रणनीतिक बैठक, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

लुधियाना, 22 जून (हि.स.)। पंजाब के तीन दिवसीय दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को लुधियाना में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक करके आगामी विधानसभा चुनाव पंजाब की सभी 117 सीटों पर लड़ने की तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और राज्यभर में भाजपा का कैडर बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अपने कंफर्ट जोन से बाहर निकलकर जनता के बीच जाना होगा।

बैठक में राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और आरके गुप्ता, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, अश्वनी शर्मा, सुनील जाखड़, नरिंदर रामूवालिया और इकबाल सिंह लालपुरा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

लुधियाना बस स्टैंड के पास एक होटल में हुई इस बैठक में पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक भी शामिल हुए। इनमें विजय सांपला, मनोरंजन कालिया, अविनाश राय खन्ना, मनप्रीत सिंह बादल, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, तीक्ष्ण सूद और अरुणेश शंकर समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

बैठक में शामिल एक वरिष्ठ भाजपा नेता के अनुसार नितिन नवीन का मुख्य फोकस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर रहा। राष्ट्रीय नेतृत्व का संदेश साफ था कि फिलहाल संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान पर ध्यान दिया जाए, जबकि गठबंधन से जुड़े फैसले केंद्रीय नेतृत्व पर छोडेर जाएं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह बैठक भाजपा की उस रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत पार्टी पंजाब में अपनी संगठनात्मक ताकत को स्वतंत्र रूप से परखना चाहती है और 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले खुद को एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रही है।

इसके अलावा नितिन नवीन ने पंजाब के युवाओं से भी संवाद किया। इस दौरान युवाओं ने कानून-व्यवस्था, रोजगार और कारोबार से जुड़ी चुनौतियों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में 40 वर्ष से कम आयु के करीब 100 युवाओं ने हिस्सा लिया और पंजाब के विकास, शासन व्यवस्था और भविष्य के अवसरों को लेकर सुझाव दिए।

दौरे के बाद दोपहर में अधिकांश वरिष्ठ नेता हलवारा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दिल्ली रवाना हो गए। पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और नितिन नवीन की हलवारा में मुलाकात हुई, जिसके बाद वे कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ एक ही उड़ान से दिल्ली लौटे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Share this story