पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड हमज़ा बुरहान मुजफ्फराबाद में मारा गया

WhatsApp Channel Join Now
पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड हमज़ा बुरहान मुजफ्फराबाद में मारा गया


नई दिल्ली, 21 मई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले का मास्टरमाइंड हमज़ा बुरहान पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के मुजफ्फराबाद में अज्ञात बंदूकधारियों के हमले में मारा गया। उसे कई गोलियां लगीं। हमले के बाद उसके साथियों ने उसे तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

विदेशी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक 27 साल का हमज़ा बुरहान भारत में प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल-बद्र से जुड़ा था। उसका पूरा नाम अरजुमंद गुलजार डार था, जिसे उसके सर्किल में 'डॉक्टर' के नाम से भी जाना जाता था। पुलवामा के रत्नीपुरा इलाके के ग्राम खरबतपोरा में पैदा हुआ हमज़ा 2017 में उच्च शिक्षा के बहाने पाकिस्तान चला गया था। बाद में वह प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल-बद्र में शामिल हो गया और आखिरकार कमांडर के रैंक तक पहुंच गया।

वह कश्मीर घाटी में कई आतंकी हमलों में शामिल था। हमज़ा 14 फरवरी 2019 को हुए पुलवामा आतंकी हमले के मास्टरमाइंड में से एक था। उसे पीओके मुजफ्फराबाद में अज्ञात बंदूकधारियों ने मार गिराया। हमलावरों ने मुजफ्फराबाद स्थित एआईएमएस कॉलेज के बाहर उस पर ताबड़तोड़ फायरिं की जिसमें वह गिर पड़ा।

गौरतलब है कि हमजा की मदद से आतंकियों ने पुलवामा के लाथपोरा में श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे पर सीआरपीएफ के काफिले पर आत्मघाती हमला किया था, जिसमें सीआरपीएफ के 40 जवान बलिदान हो गए थे। इस घटना के बाद पाकिस्तान और भारत के बीच हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए थे, वहीं भारत ने पाकिस्तान में कई आतंकी ठिकानों पर हमले किए थे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहम्मद शहजाद

Share this story