पुदुचेरी में एनआर कांग्रेस–भाजपा गठबंधन 16 सीटों पर आगे, मुख्यमंत्री रंगासामी को निर्णायक बढ़त

WhatsApp Channel Join Now

पुदुचेरी, 04 मई (हि.स.)। केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी की 30 सदस्यीय विधानसभा के लिए हुए चुनाव की मतगणना जारी है। शुरुआती यानी सुबह 10 बजे तक आए रुझानों के अनुसार सत्तारूढ़ एन. रंगासामी के नेतृत्व वाली एनआर कांग्रेस–भाजपा गठबंधन 16 सीटों पर आगे चल रही है, जिससे उसकी सत्ता में वापसी की संभावना मजबूत हो गई है।

वहीं, नवगठित तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने 4 सीटों पर बढ़त बनाकर राजनीतिक हलकों में ध्यान आकर्षित किया है। कांग्रेस 3 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि अन्य सीटों पर मुकाबला बेहद करीबी बना हुआ है।

सबसे अहम राजनीतिक घटनाक्रम तट्टांचावडी विधानसभा क्षेत्र में देखने को मिल रहा है, जहां मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नेयम मक्कल कज़गम के ई. विनयगम पर 4,441 वोटों के अंतर से निर्णायक बढ़त बना ली है। इस सीट पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री वैद्यलिंगम का प्रदर्शन कमजोर रहा और वे चौथे स्थान पर खिसक गए।

रुझानों के आधार पर एनआर कांग्रेस–भाजपा गठबंधन की सरकार बनने की संभावना लगभग तय मानी जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह जीत एन. रंगासामी के नेतृत्व को और मजबूत करती है तथा पुदुचेरी की राजनीति में उनके प्रभाव को दोबारा स्थापित करती है। तट्टांचावडी सीट को राज्य की महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठित सीटों में गिना जाता है, इसलिए यहां की जीत (अभी अधिकारिक घोषणा नहीं हुई है) का राजनीतिक महत्व और भी बढ़ गया है।

पूरे चुनाव परिणाम देर शाम तक घोषित होने की उम्मीद है, जिसके बाद पुदुचेरी की राजनीतिक तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Share this story