पुडुचेरी में 13 मई को पांचवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे एन. रंगास्वामी

WhatsApp Channel Join Now
पुडुचेरी में 13 मई को पांचवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे एन. रंगास्वामी


पुदुचेरी, 09 मई (हि.स.)। केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को बहुमत मिलने के बाद एन. रंगास्वामी 13 मई को पांचवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राजभवन में आयोजित होने वाले इस शपथ ग्रहण समारोह को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

इससे पहले राजग विधायक दल की बैठक में शुक्रवार को एन. रंगास्वामी को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद उन्होंने देर रात उपराज्यपाल कैलाशनाथन से मुलाकात कर सरकार गठन का दावा पेश किया। इस दौरान उन्होंने 18 समर्थक विधायकों के समर्थन पत्र भी सौंपे।

नई सरकार के गठन की प्रक्रिया के साथ ही मंत्रिमंडल के स्वरूप और विभागों के बंटवारे को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। मुख्यमंत्री रंगास्वामी ने केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया के साथ बैठक कर संभावित मंत्रिमंडल और सत्ता साझेदारी को लेकर विचार-विमर्श किया। मंडाविया पुडुचेरी चुनाव के प्रभारी भी रहे हैं और चुनावी रणनीति में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, 18 मई को नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की भी चर्चा है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

इस बीच एन. रंगास्वामी ने गठबंधन सहयोगी भाजपा को उपमुख्यमंत्री पद और दो मंत्री पद देने की घोषणा की है। इससे साफ संकेत मिलता है कि नई सरकार में भाजपा की भूमिका पहले की तुलना में अधिक प्रभावशाली हो सकती है।

उल्लेखनीय है कि पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल को एक चरण में मतदान कराया गया था। इस चुनाव में रिकॉर्ड 90.46 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जिसे केंद्रशासित प्रदेश के चुनावी इतिहास में सबसे अधिक मतदान प्रतिशतों में से एक माना जा रहा है।

4 मई को घोषित चुनाव परिणामों में ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने स्पष्ट बहुमत हासिल कर सरकार बनाने का रास्ता साफ कर लिया। चुनाव परिणामों के अनुसार, ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस ने 12 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भारतीय जनता पार्टी को 4 सीटें मिलीं। इसके अलावा अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम और देशीय मुर्पोक्कु द्रविड़ कझगम ने एक-एक सीट पर जीत दर्ज की। इस प्रकार राजग गठबंधन ने कुल 18 सीटों के साथ बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Share this story