सिंधिया ने सहारनपुर पीटीसी की प्लेटिनम जुबली पर स्मारक डाक टिकट जारी किया

WhatsApp Channel Join Now
सिंधिया ने सहारनपुर पीटीसी की प्लेटिनम जुबली पर स्मारक डाक टिकट जारी किया


नई दिल्ली, 02 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सहारनपुर के पोस्टल ट्रेनिंग सेंटर (पीटीसी) की प्लेटिनम जुबली के अवसर पर गुरुवार को स्मारक डाक टिकट जारी किया।

सिंधिया ने यहां आकाशवाणी भवन स्थित रंग भवन में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि पोस्टल ट्रेनिंग सेंटर केवल एक संस्थान नहीं बल्कि सेवा की जीवित विरासत है। उन्होंने कहा कि 75 वर्षों की यह यात्रा राष्ट्र निर्माण में डाक प्रशिक्षण केंद्र के सतत योगदान को दर्शाती है।भविष्य की दृष्टि पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने कहा कि भारत 2030 तक न केवल देश बल्कि विश्व के लिए भी लॉजिस्टिक्स महाशक्ति बनने की दिशा में अग्रसर है। इसमें डाक विभाग और उसके कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर डाक सेवा महानिदेशक जितेंद्र गुप्ता, सदस्य (वित्त) डीसीसी मनीष सिन्हा, सीजीसीए वंदना गुप्ता और सदस्य (एचआरडी) कर्नल एस. एफएच रिजवी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि पीटीसी सहारनपुर की स्थापना 2 अप्रैल 1951 को स्वतंत्र भारत के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के लिए की गई थी। 56.71 एकड़ परिसर में फैला यह संस्थान आठ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के डाककर्मियों को प्रशिक्षण देता है। यहां 11 आधुनिक कंप्यूटर प्रयोगशालाएं और एक विशेष ई-स्टूडियो है, जहां हर साल लगभग 3,000 कर्मचारियों को ई-कॉमर्स लॉजिस्टिक्स, डिजिटल संचालन और वित्तीय समावेशन से जुड़े कौशलों का प्रशिक्षण दिया जाता है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story