भाजपा ने मोदी के समर्थन में नारे लगाने वाले युवक की पिटाई को लेकर कांग्रेस पर बोला हमला

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने मोदी के समर्थन में नारे लगाने वाले युवक की पिटाई को लेकर कांग्रेस पर बोला हमला


नई दिल्ली, 08 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विपक्षी दलों के प्रदर्शन के दौरान नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारे लगाने पर युवक की पिटाई से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।

भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने एक्स पर इस वीडियो को साझा करते हुए लिखा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर शर्म आती है। जब भारत के एक नागरिक ने प्रधानमंत्री मोदी के समर्थन में नारे लगाए तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसे घेर लिया और उसकी पिटाई की। अराजकतावादी कांग्रेस अब 'हम भारत के लोग' पर हमला कर रही है। यह लड़ाई लोकतंत्र को बचाने की चाह रखने वाले भारत के लोगों और अराजकतावादी कांग्रेस के बीच है।

जंतर-मंतर पर विपक्षी दलों के कार्यकर्ता मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि प्रदर्शन के दौरान सरकार और प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी के दौरान भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति ने मोदी के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने उस व्यक्ति को चारों तरफ से घेर लिया। उसके साथ धक्का-मुक्की की और उसकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर कड़ा प्रहार किया।

दिल्ली पुलिस के अनुसार विपक्षी दलों के प्रदर्शन के संबंध में तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और आगे भी मामले दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिसकर्मियों पर कथित हमले, सरकारी कामकाज में बाधा डालने, धक्का-मुक्की और मारपीट करने तथा पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार से संबंधित विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। अब तक दर्ज की गई प्राथमिकी के विवरण में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के नाम भी हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story