विपक्षी दलों ने सुप्रीम कोर्ट तक निकाला मार्च

WhatsApp Channel Join Now
विपक्षी दलों ने सुप्रीम कोर्ट तक निकाला मार्च


नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (हि.स.)। विपक्षी इंडी गठबंधन के सांसदों और नेताओं ने सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उच्चतम न्यायालय तक मार्च निकाला।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत इंडी गठबंधन के कई प्रमुख नेताओं को लेकर एक विशेष बस कॉन्स्टिट्यूशन क्लब से बाराखंबा रोड की ओर रवाना हुई, जहां से विपक्षी नेता उच्चतम न्यायालय तक पैदल जाएंगे।

विपक्षी गठबंधन ने घोषणा की है कि वे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के रवैये, एसआईआर और कथित 'वोट चोरी' को रोकने के संबंध में उच्चतम न्यायालय में औपचारिक याचिका दायर करेंगे।

मार्च से पहले कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में एकत्र हुए विपक्षी सांसदों ने जोरदार नारेबाजी की। इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं के साथ-साथ संजय राउत और अरविंद सावंत (शिवसेना - यूबीटी), धर्मेंद्र यादव (समाजवादी पार्टी), महुआ मोइत्रा (तृणमूल कांग्रेस), महुआ माझी (झारखंड मुक्ति मोर्चा) सहित विपक्षी दलों के कई सांसद शामिल हैं।

'चलो दिल्ली- लोकतंत्र के लिए मार्च' के आह्वान के बाद बाराखंबा रोड जंक्शन तथा आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और प्रदर्शनकारी एकत्र हुए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। विपक्षी सांसदों का काफिला बाराखंबा रोड से उच्चतम न्यायालय की ओर बढ़ रहा है, जहां वे याचिका प्रस्तुत कर चुनाव आयोग की भूमिका पर न्यायिक जांच की मांग करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759397 Articles

Share this story