राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति समेत केंद्रीय मंत्रियों ने ईद मिलाद-उन-नबी पर दी शुभकामनाएं

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति समेत केंद्रीय मंत्रियों ने ईद मिलाद-उन-नबी पर दी शुभकामनाएं


नई दिल्ली, 26 अगस्त (हि.स.)। ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन समेत केंद्रीय मंत्रियों ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। सभी ने पैगंबर मुहम्मद की शिक्षाओं को याद करते हुए शांति, करुणा, आपसी सम्मान, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने का संदेश दिया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू ने देशवासियों, विशेष रूप से मुस्लिम समुदाय को ईद मिलाद-उन-नबी की बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह अवसर पैगंबर मुहम्मद की शिक्षाओं को याद करने का है, जो लोगों को नेक आचरण और कर्तव्य-भावना अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने सभी से उनके जीवन के महान सिद्धांतों से मार्गदर्शन लेकर समावेशी और प्रगतिशील भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने मिलाद-उन-नबी पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पवित्र अवसर करुणा, सद्भाव और आपसी सम्मान के मूल्यों को बनाए रखने तथा भाईचारे के बंधन को मजबूत करने के लिए प्रेरित करे। उन्होंने सभी के लिए शांति, खुशी और समृद्धि की कामना की।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने ईद मिलाद-उन-नबी की शुभकामनाएं देते हुए देश में शांति, सद्भाव और एकता की भावना और अधिक मजबूत होने की कामना की।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मिलाद-उन-नबी का अवसर सभी के लिए शांति और समृद्धि लेकर आए। उन्होंने उम्मीद जताई कि समाज में आपसी सद्भाव और करुणा की भावना और मजबूत होगी।

कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि पैगंबर मुहम्मद का जीवन और उनकी शिक्षाएं मानवता के लिए करुणा, शांति और न्याय जैसे सदाबहार मूल्यों की याद दिलाती हैं। उन्होंने कहा कि यह अवसर भाईचारे के बंधन को मजबूत करे और देश में आपसी सम्मान व सांप्रदायिक सद्भाव पर आधारित समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करे।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ईद मिलाद-उन-नबी की शुभकामनाएं देते हुए सभी के लिए शांति, खुशी, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी ईद मिलाद-उन-नबी पर बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व लोगों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशियां लेकर आए।

आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ईद-ए-मिलाद-उन-नबी की मुबारकबाद देते हुए दुआ की कि यह पावन अवसर लोगों के जीवन में खुशियां लाए, देश में आपसी भाईचारा मजबूत हो और हर परिवार तरक्की करे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story