राष्ट्रपति 24 से 27 फरवरी तक महाराष्ट्र, झारखंड, राजस्थान के दौरे पर

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति 24 से 27 फरवरी तक महाराष्ट्र, झारखंड, राजस्थान के दौरे पर


नई दिल्ली, 23 फ़रवरी (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 24 से 27 फरवरी तक महाराष्ट्र, झारखंड और राजस्थान के दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह विभिन्न स्वास्थ्य, आध्यात्मिक और सैन्य कार्यक्रमों में भाग लेंगी।

राष्ट्रपति भवन के अनुसार 24 फरवरी को राष्ट्रपति मुंबई स्थित लोकभवन में पीडी हिंदुजा अस्पताल द्वारा आयोजित राष्ट्रव्यापी अभियान ‘सेविंग लाइव्स एंड बिल्डिंग अ हेल्दीयर भारत’ का उद्घाटन करेंगी। इस अभियान का उद्देश्य देशभर में स्वास्थ्य जागरूकता और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं को बढ़ावा देना है।

25 फरवरी को राष्ट्रपति बुलढाणा जिले के शेगांव में आयुष मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘राष्ट्रीय आरोग्य मेला 2026’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इसके बाद उसी दिन वह नागपुर में ब्रह्माकुमारीज द्वारा आयोजित ‘एकता और विश्वास के माध्यम से महाराष्ट्र का स्वर्णिम युग’ कार्यक्रम के राज्य स्तरीय शुभारंभ समारोह में भी भाग लेंगी।

26 फरवरी को राष्ट्रपति झारखंड के जमशेदपुर में श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक चैरिटेबल सेंटर ट्रस्ट द्वारा आयोजित श्री जगन्नाथ मंदिर के भूमि पूजन समारोह में सम्मिलित होंगी। इसके अतिरिक्त वह जमशेदपुर के मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज का भी दौरा करेंगी और वहां के विद्यार्थियों से बातचीत करेंगी।

दौरे के अंतिम दिन 27 फरवरी को राष्ट्रपति राजस्थान के पोखरण में आयोजित ‘एक्स वायुशक्ति’ सैन्य अभ्यास का अवलोकन करेंगी। यह अभ्यास भारतीय वायु सेना की मारक क्षमता और परिचालन कौशल का प्रदर्शन करता है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story