राष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष, रक्षा मंत्री समेत नेताओं ने पहलगाम आतंकी हमले की बरसी पर दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष, रक्षा मंत्री समेत नेताओं ने पहलगाम आतंकी हमले की बरसी पर दी श्रद्धांजलि


नई दिल्ली, 22 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पिछले वर्ष 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले की बरसी पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत शीर्ष नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने का संकल्प दोहराया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने एक्स संदेश पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उस जघन्य कृत्य में निर्दोष लोगों की जान जाने का दुखद हादसा हमारी सामूहिक स्मृति में हमेशा के लिए अंकित हो गया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि पूरा राष्ट्र उनके साथ खड़ा है। आतंकवाद के ऐसे कृत्य शांति और एकता के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता को डिगा नहीं सकते। हर जगह और हर रूप में आतंकवाद को हराने के अपने संकल्प पर दृढ़ हैं।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पहलगाम आतंकी हमले में अपने प्राण गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि इस अमानवीय और कायराना हमले में अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं। राष्ट्र की स्मृति में वे लोग सदैव जीवित रहेंगे। भारत ने हमेशा आतंकवाद का सशक्त और स्पष्ट विरोध किया है। मानवता के विरुद्ध ऐसे कृत्यों के खिलाफ हमारा संकल्प अटूट है और रहेगा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर अपने संदेश में 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले में अपनी जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि हम अपने राष्ट्र को दिए गए उन ज़ख्मों को कभी नहीं भूलेंगे।भारत ने दशकों तक सीमा पार से होने वाले आतंकवाद का सामना किया है लेकिन आज हमारी प्रतिक्रिया दृढ़, निर्णायक और अडिग है। अपने दृढ़ कार्यों के माध्यम से हमने यह साबित कर दिया है कि हमारे लोगों को नुकसान पहुंचाने या हमारी एकता को तोड़ने के किसी भी प्रयास का जवाब पूरी ताकत और स्पष्टता के साथ दिया जाएगा।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी हमले में मारे गए लोगों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि निर्दोष नागरिकों की यह क्षति देश के दिल में हमेशा बनी रहेगी और दोषियों को कभी माफ नहीं किया जाएगा।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पिछले साल पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर कहा कि भारत आतंक के किसी भी स्वरूप के सामने कभी नहीं झुकेगा और ऐसी घृणित साजिशें कभी सफल नहीं होंगी। शांति और सुरक्षा की रक्षा के प्रति हमारा संकल्प आज पहले से भी अधिक सुदृढ़ है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 26 नागरिकों की मौत पर शोक जताते हुए कहा कि देश उनके बलिदान को कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और आतंकवाद के खिलाफ देश की एकजुटता पर जोर दिया।

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इस हमले को मानवता पर गहरा आघात बताया और कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ कड़ा रुख अपनाए हुए है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पूरा देश इस दुख की घड़ी में परिवारों के साथ खड़ा है।

आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भारत एक मजबूत राष्ट्र है और आतंकवाद के खिलाफ उसकी लड़ाई अटूट है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि पहलगाम की पीड़ा हर भारतीय के हृदय में अंकित एक अविस्मरणीय आघात है। उस भीषण आतंकी हमले में काल-कवलित हुए निर्दोष नागरिकों नमन। उन पुण्यात्माओं की स्मृति आज भी झकझोरती है, उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। आतंकवाद मानवता का सबसे बड़ा शत्रु है। 'नया भारत' पूर्ण एकजुटता और जीरो टॉलरेंस के संकल्प के साथ आतंक के हर रूप के निर्मूलन हेतु प्रतिबद्ध है।

इनके अलावा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, सांसद बांसुरी स्वराज समेस शीर्ष नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story