राष्ट्रपित मुर्मु तीन देशों की यात्रा के पहले चरण के लिए माल्दोवा रवाना

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपित मुर्मु तीन देशों की यात्रा के पहले चरण के लिए माल्दोवा रवाना


नई दिल्ली, 19 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु रविवार को अपने सात दिवसीय तीन देशों के राजकीय दौरे के पहले चरण के लिए मोल्दोवा रवाना हो गईं। वह 19 और 20 जुलाई को मोल्दोवा की राजकीय यात्रा पर रहेंगी। यह किसी भी भारतीय राष्ट्रपति की मोल्दोवा की पहली यात्रा होगी।

माल्दोवा यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मुर्मु अपनी समकक्ष राष्ट्रपति मैया सैंडू के साथ द्विपक्षीय और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगी तथा मोल्दोवा की संसद के अध्यक्ष इगोर ग्रोसु से भी मुलाकात करेंगी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मु 19 से 25 जुलाई तक मोल्दोवा, उत्तर मैसेडोनिया और रोमानिया की राजकीय यात्रा पर रहेंगी। उन्होंने कहा कि यह भारत के किसी राष्ट्रपति की मोल्दोवा और उत्तर मैसेडोनिया की पहली राजकीय यात्रा है, जबकि रोमानिया की राष्ट्रपति स्तर की यात्रा तीन दशक बाद हो रही है। इस दौरे से तीनों देशों के साथ भारत के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूती मिलेगी।

मोल्दोवा यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मुर्मु और राष्ट्रपति मैया सैंडू के बीच विभिन्न द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा होगी। दोनों देशों के बीच कृषि, स्वास्थ्य सेवा, औषधि उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। विदेश मंत्रालय का कहना है कि इन क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच परस्पर लाभकारी साझेदारी की व्यापक संभावनाएं हैं।

मोल्दोवा यात्रा के बाद राष्ट्रपति मुर्मु 21 और 22 जुलाई को उत्तर मैसेडोनिया जाएंगी। यह भी किसी भारतीय राष्ट्रपति की इस देश की पहली राजकीय यात्रा होगी। वहां वह राष्ट्रपति गोर्डाना सिलजानोव्स्का-दावकोवा के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री ह्रिस्टिजन मिकोस्की और संसद के अध्यक्ष से मुलाकात करेंगी तथा उत्तर मैसेडोनिया की संसद को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति भारत-उत्तर मैसेडोनिया व्यापार मंच को भी संबोधित करेंगी। दोनों देशों के बीच कृषि, औषधि उद्योग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, सूचना प्रौद्योगिकी तथा आईटी आधारित सेवाओं में आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा होगी।

दौरे के अंतिम चरण में राष्ट्रपति मुर्मु 23 से 25 जुलाई तक रोमानिया की राजकीय यात्रा करेंगी। यह तीन दशक से अधिक समय बाद किसी भारतीय राष्ट्रपति की रोमानिया यात्रा होगी। वहां वह राष्ट्रपति निकुसोर डैन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी, भारत-रोमानिया बिजनेस फोरम को संबोधित करेंगी और भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगी।

रोमानिया यूरोपीय संघ में भारत का एक महत्वपूर्ण साझेदार है। भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते की दिशा में हो रही प्रगति से आने वाले वर्षों में दोनों देशों के बीच आर्थिक और व्यापारिक संबंधों के और मजबूत होने की संभावना है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story