राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने आंध्र प्रदेश बस हादसे पर जताया दुख, पीएमएनआरएफ से अनुग्रह राशि की घोषणा

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने आंध्र प्रदेश बस हादसे पर जताया दुख, पीएमएनआरएफ से अनुग्रह राशि की घोषणा


नई दिल्ली, 26 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में हुए भीषण सड़क हादसे पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो लाख रुपये और घायलों के लिए 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट किया, “आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में हुई दुखद बस दुर्घटना के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने एक्स पर पोस्ट किया, “आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में हुआ दुखद बस हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। दुख की इस घड़ी में, मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों को संबल मिलने की प्रार्थना करता हूं।”

प्रधानमंत्री कार्यालय के एक्स पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।

पोस्ट में आगे कहा गया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50,000 रुपये प्रदान किए जाएंगे।

आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम में गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार टिप्पर और निजी बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 10 यात्रियों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story