नेपाल में अचानक आई बाढ़ से तबाही पर राष्ट्रपति मुर्मु और उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने जताया दुख

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 26 अगस्त (हि.स.)। नेपाल में अचानक आई बाढ़ से हुई भारी तबाही और जनहानि पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने बुधवार को गहरा दुख व्यक्त किया है। दोनों नेताओं ने इस कठिन समय में नेपाल के लोगों के प्रति एकजुटता जताते हुए प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना की है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल और नेपाल की जनता के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत इस कठिन समय में नेपाल के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। भारत नेपाल सरकार के राहत और बचाव प्रयासों में प्रभावित लोगों की मदद के लिए हरसंभव सहयोग देने को तैयार है।

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने भी नेपाल में अचानक आई बाढ़ से हुई जनहानि और तबाही पर गहरा दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने लापता लोगों के सुरक्षित और शीघ्र बचाव के लिए भी प्रार्थना की।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि इस कठिन घड़ी में भारत के लोगों की संवेदनाएं नेपाल की जनता के साथ हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story