राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पीबीजी ‘सोल्जराथॉन’ को वर्चुअल माध्यम से दिखाई हरी झंडी

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पीबीजी ‘सोल्जराथॉन’ को वर्चुअल माध्यम से दिखाई हरी झंडी


नई दिल्ली, 02 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रविवार को राष्ट्रपति भवन के प्रांगण से वर्चुअल माध्यम से राष्ट्रपति अंगरक्षक (पीबीजी) ‘सोल्जराथॉन’ को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर इस पहल के संरक्षक और मिजोरम के राज्यपाल जनरल (डॉ.) वीके सिंह (सेवानिवृत्त) भी मौजूद रहे। राष्ट्रपति ने इस मौके पर विशेष डाक आवरण भी जारी किया।

राष्ट्रपति सचिवालय ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली कैंटोनमेंट स्थित करिअप्पा परेड ग्राउंड में किया गया। ‘सोल्जराथॉन’ नागरिकों और सशस्त्र बलों के बीच संबंधों को मजबूत करने का अनूठा मंच है। ‘रन फॉर सोल्जर्स, रन विद सोल्जर्स’ के विज़न पर आधारित इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय सैनिकों की समर्पण भावना, साहस और बलिदान को सम्मान देना है तथा नागरिकों को सक्रिय भागीदारी के माध्यम से उनके साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए प्रेरित करना है।

इस दौड़ का आयोजन तीन श्रेणियों में किया गया। इसमें पहली 3 किलोमीटर, दूसरी 5 किलोमीटर और तीसरी 10 किलोमीटर की दौड़ शामिल है। ‘सोल्जराथॉन’ से प्राप्त राशि का उपयोग सशस्त्र बलों के पैराप्लेजिक पुनर्वास केंद्र, युद्ध में शहीद हुए सैनिकों के आश्रितों के कल्याण आदि के लिए किया जाएगा। साथ ही यह पहल पीबीजी के घोड़ों और जवानों के सहयोग के लिए भी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story