राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार : राष्ट्रपति मुर्मु 11 नवंबर को छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को करेंगी सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार : राष्ट्रपति मुर्मु 11 नवंबर को छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को करेंगी सम्मानित


रायपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयनित छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को 11 नवंबर को सम्मानित करेंगी।

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में 11 नवंबर की सुबह 11:30 बजे से आयोजित समारोह में राष्ट्रपति इन निकायों को स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार प्रदान करेंगी।

प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री अरुण साव के कार्यालय के मुताबिक केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित इस समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल सहित चयनित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्वच्छता कर्मी हिस्सा लेंगे।

स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में छत्तीसगढ़ के तीन शहरों का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस वर्ष सर्वेक्षण की थीम 'स्वच्छता की नई पहल—बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ' रखी गई है। इसके माध्यम से स्वच्छता अभियान में सामूहिक जिम्मेदारी और नागरिकों की भागीदारी को प्रोत्साहित किया गया है।

इस उपलब्धि में नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ सफाई मित्रों और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भूमिका रही है। उल्लेखनीय है कि स्वच्छ सर्वेक्षण के पिछले संस्करण में भी रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार प्राप्त हुए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774760 Articles

Share this story