राष्ट्रपति मुर्मू पहुंचीं जबलपुर, योग के प्रमुख कार्यक्रम में होंगी शामिल

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति मुर्मू पहुंचीं जबलपुर, योग के प्रमुख कार्यक्रम में होंगी शामिल


जबलपुर, 20 जून (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार शाम विशेष विमान से मध्य प्रदेश के जबलपुर शरह, डुमना विमानतल पहुंचीं। उनके आगमन पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री मोहन यादव, मंत्री राकेश सिंह, प्रह्लाद पटेल सहित राज्य सरकार के मंत्रियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जबलपुर में सुरक्षा के व्यापक और अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहे हैं। शहर के प्रमुख मार्गों, कार्यक्रम स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है। सुरक्षा एजेंसियां चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद हैं और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है, ताकि राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान किसी भी प्रकार की चूक की संभावना न रहे।

उल्लेखनीय है कि मप्र में राष्ट्रपति दौपदी मुर्मु के मुख्य आतिथ्य में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस राज्य स्तरीय कार्यक्रम रविवार, 21 जून को जबलपुर में सदर स्थित गैरिसन ग्राउंड में सुबह छहबजे से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम स्वस्थ आयु के लिये योग की थीम पर आयोजित किया जा रहे सामूहिक योग में लगभग पांच हजार नागरिकों की सहभागिता होगी। साथ ही 31 स्कूलों के लगभग 3 हजार 400 छात्र-छात्राएं भी शामिल रहेंगे।

इसके साथ ही रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर का 36वां दीक्षांत समारोह 21 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के मुख्य आतिथ्य में ऐतिहासिक एवं भव्य स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल पटेल करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव तथा उच्च शिक्षा मंत्री परमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story