राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रज पर्व पर दी शुभकामनाएं, सुख-समृद्धि की कामना की

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रज पर्व पर दी शुभकामनाएं, सुख-समृद्धि की कामना की


भुवनेश्वर, 14 जून (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गणपर्व ‘रज’ के अवसर पर देशवासियों, विशेषकर ओडिशा के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु के स्वागत का यह पारंपरिक उत्सव धरती, मातृत्व और प्रकृति के प्रति सम्मान व्यक्त करने का प्रतीक है।

अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि रज पर्व पिठा, पान और झूला जैसे पारंपरिक आयोजनों के माध्यम से लोगों को प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण जीवन जीने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इस पर्व की विशेषताएं समाज को एकजुट करने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण और देश के विकास में सक्रिय योगदान देने की प्रेरणा भी प्रदान करती हैं।

राष्ट्रपति मुर्मु ने आशा व्यक्त की कि रज पर्व के सांस्कृतिक और सामाजिक मूल्य सभी नागरिकों को देश की प्रगति के लिए समर्पित भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित करेंगे।

उन्होंने रज पर्व के शुभ अवसर पर ओडिशा सहित पूरे देश के लोगों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो

Share this story