राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष समेत कई नेताओं ने दी गोवा राज्य स्थापना दिवस की बधाई

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष समेत कई नेताओं ने दी गोवा राज्य स्थापना दिवस की बधाई


नई दिल्ली, 30 मई (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत कई नेताओं ने गोवा स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और विकास यात्रा की सराहना की।

राष्ट्रपति मुर्मु ने एक्स पोस्ट में कहा कि गोवा न केवल अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और गर्मजोशी भरे आतिथ्य के लिए प्रसिद्ध है, बल्कि शिक्षा, प्रौद्योगिकी, स्टार्टअप और सतत विकास के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और समावेशी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के साथ गोवा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने ने राज्यवासियों की समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पोस्ट में कहा कि यह दिन गोवा की पहचान और प्रगति के लिए अथक परिश्रम करने वाले सभी लोगों को कृतज्ञतापूर्वक याद करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि गोवा निरंतर प्रगति करता रहे और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहे।

प्रधानमंत्री ने गोवा के लोगों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री ने गोवा की मातृभाषा में भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गोवा के राज्य स्थापना दिवस पर सभी लोगों को बधाई। उन्होंने गोवा की संस्कृति, विरासत और जनजीवन की सराहना की। साथ ही राज्य के विकास और समृद्धि की प्रार्थना की।

लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने गोवा को प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविध परंपराओं और जीवंत जीवनशैली से परिपूर्ण भारत का महत्वपूर्ण प्रदेश बताते हुए राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समुद्र तटों की मनमोहक छटा, ऐतिहासिक धरोहरों, कला-संस्कृति और सामाजिक सौहार्द ने गोवा को विश्व स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई है।

गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गोवा को संस्कृतियों और विरासत का भव्य संगम बताते हुए राज्य की निरंतर समृद्धि की कामना की।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि गोवा की जीवंत परंपराएं, सामाजिक सद्भाव और बढ़ती आकांक्षाएं भारत की विविधता में एकता की शक्ति को प्रदर्शित करती हैं।

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गोवा के प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विविधता की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के नेतृत्व में राज्य की निरंतर प्रगति की कामना की।

केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल ने राज्य स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए पर्यटन सहित सभी क्षेत्रों में विकास और नागरिकों के जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गोवा को संस्कृति, सद्भाव और प्रगति का प्रतीक बताते हुए कहा कि 1987 में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नेतृत्व में गोवा को राज्य का दर्जा प्राप्त हुआ था। उन्होंने राज्य में शांति, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गोवा को भारत की सबसे अनमोल भूमि में से एक बताते हुए कहा कि यह राज्य अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध इतिहास और विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जाता है। उन्होंने राज्य की निरंतर प्रगति और सफलता की शुभकामनाएं दीं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी गोवा स्थापना दिवस पर राज्यवासियों को बधाई दी।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गोवा को अपने दिल के करीब बताते हुए कहा कि राज्य के लोगों की गर्मजोशी और आत्मीयता उन्हें हमेशा प्रभावित करती है। उन्होंने गोवावासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

उल्लेखनीय है कि 30 मई 1987 को गोवा को पूर्ण राज्य का दर्जा प्राप्त हुआ था। तब से यह राज्य पर्यटन, संस्कृति, शिक्षा और आर्थिक विकास के क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story