राष्ट्रपति मुर्मु ने कार्यकाल के चार वर्ष पूरे होने पर कई नई पहल शुरू कीं

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति मुर्मु ने कार्यकाल के चार वर्ष पूरे होने पर कई नई पहल शुरू कीं


नई दिल्ली, 28 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति पद पर चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में कई नई जनोन्मुखी पहलों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति भवन से जुड़े पांच प्रकाशनों का विमोचन किया गया, ई-उपहार के तीसरे संस्करण का शुभारंभ हुआ तथा ई-ऑडियो गाइड, निःशुल्क इलेक्ट्रिक बस सेवा ‘राही’ और बच्चों के लिए ‘बचपन-बाल परिसर’ का उद्घाटन किया गया।

समारोह में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने मुर्मु को उनके राष्ट्रपति कार्यकाल पर आधारित प्रकाशनों की प्रथम प्रतियां भेंट कीं और उनका औपचारिक विमोचन किया। इस अवसर पर सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन भी उपस्थित रहे।

विमोचित प्रकाशनों में ‘राष्ट्रपति भवन : राष्ट्र का भवन’, ‘सेवा और संवेदना’, ‘समावेशी सहभागिता’, ‘भारतीयता का उत्सव’ तथा ओड़िया भाषा में प्रतिष्ठित व्यक्तियों के लेखों का संकलन ‘आमा राष्ट्रपति-आमा गौरव’ शामिल हैं।

इस मौके पर राष्ट्रपति ने भरोसा जताया कि इन सचित्र प्रकाशनों से पाठकों को राष्ट्रपति भवन की परंपराओं, कार्यप्रणाली और उसके विभिन्न आयामों की जानकारी मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये संकलन नागरिकों को अपनी विरासत पर गर्व करते हुए प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे।

अपने कार्यकाल के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राष्ट्रपति ने ई-उपहार के तीसरे संस्करण का भी शुभारंभ किया, जिसमें राष्ट्रपति को प्राप्त 300 चयनित उपहारों को सार्वजनिक नीलामी के लिए रखा गया है। यह ई-नीलामी 05 अगस्त से 05 सितंबर तक आयोजित होगी और इससे प्राप्त समस्त आय सामाजिक कार्यों में उपयोग की जाएगी।

राष्ट्रपति ने राष्ट्रपति भवन आने वाले आगंतुकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए विकसित ई-ऑडियो गाइड का भी शुभारंभ किया। यह ऐप आधारित बहुभाषी गाइड हिंदी, अंग्रेजी तथा संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल 14 अन्य भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है। इसमें सांकेतिक भाषा की सुविधा भी दी गई है, जिससे दिव्यांगजन भी इसका लाभ उठा सकेंगे।

हरित और समावेशी परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रपति ने ‘राही’ नामक निःशुल्क इलेक्ट्रिक बस सेवा का शुभारंभ किया। राष्ट्रपति संपदा के कर्मचारियों और निवासियों के लिए शुरू की गई 27 सीटों वाली यह बस व्हीलचेयर अनुकूल है तथा इसका संचालन महिला चालक और परिचालक करेंगी। इस पहल का उद्देश्य विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने राष्ट्रपति भवन परिसर में रहने वाले बच्चों के लिए ‘बचपन-बाल परिसर’ का भी उद्घाटन किया। इस परिसर में बच्चों के लिए खेलने की जगह ‘किलकारी’ क्षेत्र तथा उनके विकास व देखभाल के लिए सुरक्षित माहौल देने वाला ‘समर्थ आंगनवाड़ी-सह-पालना’ शामिल है।

उद्घाटन के बाद राष्ट्रपति ने बाल परिसर का अवलोकन किया और बच्चों से संवाद भी किया।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story