राष्ट्रपति ने माँ दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर देशवासियों के सुख-शांति और समृद्धि की कामना की

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति ने माँ दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर देशवासियों के सुख-शांति और समृद्धि की कामना की


जगदलपुर/रायपुर 23 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपने छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन आज शुक्रवार काे जगदलपुर स्थित बस्तर की आराध्य देवी माँ दंतेश्वरी के मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने माँ दंतेश्वरी से देशवासियों की सुख- शांति, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।

इसके पूर्व राष्ट्रपति मुर्मु का माँ दंतेश्वरी मंदिर परिसर में परंपरागत ढंग से स्वागत किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी माँ दंतेश्वरी के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बस्तर की आराध्य देवी माँ दंतेश्वरी के प्रति अंचल के लोगों की अटूट श्रद्धा है। वे बस्तर की आस्था और लोकजीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। राष्ट्रपति का माँ दंतेश्वरी के दर्शन-पूजन के लिए आगमन बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर अपनी अनुपम जनजातीय संस्कृति, प्राचीन परंपराओं और विशिष्ट जीवन मूल्यों के लिए देश-दुनिया में अलग पहचान रखता है। यहाँ की परंपराओं में प्रकृति, आस्था और समाज के बीच गहरा संबंध दिखाई देता है। राष्ट्रपति जी के प्रवास से बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और सम्मान मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि माँ दंतेश्वरी बस्तर अंचल की आराध्य देवी हैं। माँ दंतेश्वरी के प्रति बस्तरवासियों की गहरी आस्था है और उनकी उपासना क्षेत्र की धार्मिक-सांस्कृतिक परंपरा में विशेष स्थान रखती है। माँ से जुड़ी आस्था बस्तर की सदियों पुरानी परंपराओं और यहां के सामाजिक-सांस्कृतिक जीवन में गहराई से रची-बसी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765361 Articles

Share this story