राष्ट्रपति ने सीपीईएस, आईईएस अधिकारियों को राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाने का आह्वान किया

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति ने सीपीईएस, आईईएस अधिकारियों को राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाने का आह्वान किया


नई दिल्ली, 27 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में केंद्रीय विद्युत अभियांत्रिकी सेवा (सीपीईएस) और भारतीय आर्थिक सेवा (आईईएस) के अधिकारियों से मुलाकात की और उन्हें राष्ट्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

राष्ट्रपति ने कहा कि ये अधिकारी देश की प्रगति के अग्रिम पंक्ति में खड़े हैं और उनके निर्णय देश को मजबूत एवं आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होंगे। उन्होंने अधिकारियों को समर्पण और जुनून के साथ कार्य करने की सलाह दी तथा चुनौतियों को अवसर के रूप में स्वीकार करते हुए नवाचार और निरंतर सीखने की भावना बनाए रखने पर जोर दिया।

राष्ट्रपति ने कहा कि बिजली औद्योगिक विकास, नवाचार और जीवन स्तर में सुधार की आधारशिला है। यह सेवा उत्पादन, ट्रांसमिशन और वितरण के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है और देश की ऊर्जा संरचना को मजबूत करने में इसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक और घरेलू परिदृश्य में आर्थिक नीति निर्माण और उसका प्रभावी क्रियान्वयन पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गया है। इन अधिकारियों की भूमिका सतत विकास सुनिश्चित करने, महंगाई नियंत्रण, रोजगार सृजन और असमानताओं को कम करने में अहम होगी।

उन्होंने अधिकारियों को सलाह दी कि वे हमेशा याद रखें कि हर आंकड़े के पीछे एक मानवीय कहानी छिपी होती है। आर्थिक नीति की असली कसौटी केवल आंकड़े नहीं, बल्कि उसके परिणाम होते हैं। इसका उद्देश्य लोगों के जीवन को बेहतर बनाना होना चाहिए, विशेष रूप से उन लोगों के जीवन को जो सबसे अधिक संवेदनशील हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story