स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन का भारत दौरा, द्विपक्षीय संबंधों और ईएफटीए समझौते पर होगी अहम चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन का भारत दौरा, द्विपक्षीय संबंधों और ईएफटीए समझौते पर होगी अहम चर्चा


नई दिल्ली, 05 अक्टूबर (हि.स.)। भारत की तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर पहुंचे स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन का राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार सुबह राष्ट्रपति भवन में गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्हें त्रि-सेवा 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ दिल्ली पहुंचे राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन का हवाई अड्डे पर केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने स्वागत किया। हवाई अड्डे पर उनको औपचारिक 'स्टैटिक गार्ड' सम्मान दिया गया।

औपचारिक स्वागत के उपरांत राष्ट्रपति पारमेलिन ने कहा कि उनकी यह यात्रा दोनों देशों के बीच संबंधों को सुदृढ़ करने और आगे की प्रगति के लिए एक बेहद अहम कदम है। यह दौरा भारत और यूरोपियन फ्री ट्रेड एसोसिएशन (ईएफटीए) के बीच हुए ऐतिहासिक व्यापार समझौते की पहली वर्षगांठ के अवसर पर हो रहा है। वार्ता के दौरान दोनों देशों के शीर्ष नेता द्विपक्षीय व्यापार, निवेश, विज्ञान, नवाचार (इनोवेशन) और प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे।

अपने दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) का दौरा करेंगे। इस हवाई अड्डे के विकास में स्विट्जरलैंडकंपनियों और तकनीक की अहम भागीदारी रही है। इस दौरे के जरिए दोनों देशों के बीच बुनियादी ढांचे और आधुनिक प्रौद्योगिकी में साझेदारी को और प्रगाढ़ करने पर जोर दिया जाएगा। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, यह औपचारिक स्वागत भारत और स्विट्जरलैंड के बीच की आत्मीयता और लंबे समय से चली आ रही मित्रता को दर्शाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story