भारतीय गुणवत्ता और परीक्षण सुविधाओं पर बढ़ा वैश्विक भरोसा: प्रल्हाद जोशी

WhatsApp Channel Join Now
भारतीय गुणवत्ता और परीक्षण सुविधाओं पर बढ़ा वैश्विक भरोसा: प्रल्हाद जोशी


बेंगलुरु, 29 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय उपभोक्ता मामले मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि भारत की परीक्षण सुविधाओं, मानकों और गुणवत्ता को आज दुनिया के कई देशों में मान्यता मिल रही है। राष्ट्रीय परीक्षण गृह (एनटीएच) ने वैश्विक स्तर पर विश्वसनीयता हासिल की है और कई देश भारतीय प्रयोगशालाओं की परीक्षण सेवाओं पर भरोसा कर रहे हैं।

बेंगलुरु में शनिवार को राष्ट्रीय परीक्षण गृह के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करते हुए जोशी ने कहा कि संस्थान के प्रति अंतरराष्ट्रीय विश्वास लगातार बढ़ रहा है। श्रीलंका, दुबई और भूटान सहित विभिन्न देशों से परीक्षण के नमूने एनटीएच को भेजे जा रहे हैं। यह संस्थान की वैश्विक स्तर की प्रमुख परीक्षण संस्था बनने की क्षमता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि भारत की परीक्षण व्यवस्था की विश्वसनीयता बढ़ने के साथ देश के बढ़ते विनिर्माण और निर्यात क्षेत्र की जरूरतों को पूरा करने के लिए अत्याधुनिक परीक्षण सुविधाओं को और मजबूत करना आवश्यक है। एनटीएच को उत्पादकों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों, स्टार्टअप और औद्योगिक क्षेत्र को विश्वस्तरीय परीक्षण बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभानी चाहिए।

जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने माप विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। भारत के मापदंडों को वैश्विक स्तर पर मान्यता मिल रही है और कई देश इन्हें स्वीकार कर रहे हैं। यह भारत की क्षमता, विश्वसनीयता और वैश्विक नेतृत्व को दर्शाने वाली महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि सौर जल तापक उपकरणों के परीक्षण से लेकर रक्षा उत्पादों के निर्यात और निजी अंतरिक्ष प्रक्षेपण तक देश की विनिर्माण क्षमता तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में डिजाइन, उत्पादन और परीक्षण की प्रक्रियाएं भारत में ही संचालित हों, इसके लिए मजबूत व्यवस्था विकसित करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि नए केंद्रों और उन्नत परीक्षण सुविधाओं के माध्यम से उपभोक्ताओं, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों, स्टार्टअप और उद्योगों तक विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा पहुंचाया जा रहा है। भारतीय उत्पादों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए ‘शून्य दोष, न्यूनतम पर्यावरणीय प्रभाव’ की अवधारणा के तहत काम किया जा रहा है। विनिर्माण, उद्योग और निर्यात के क्षेत्र में नए अवसर पैदा हो रहे हैं, ऐसे में देश की घरेलू परीक्षण क्षमता का विस्तार करना समय की आवश्यकता है।

इस अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों में स्थापित कई उन्नत परीक्षण सुविधाओं को देश को समर्पित किया गया। भारत की गुणवत्ता और परीक्षण व्यवस्था को मजबूत करने में योगदान देने वाले वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और पेशेवरों को वार्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा, शोभा करंदलाजे सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

----------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.

Share this story