बायोगैस तकनीक के अग्रणी वैज्ञानिक राम बक्स सिंह के सम्मान में डाक टिकट जारी
नई दिल्ली, 16 नवंबर (हि.स.)। डाक विभाग ने बायोगैस तकनीक और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी योगदान देने वाले वैज्ञानिक राम बक्स सिंह (1925-2016) के सम्मान में स्मारक डाक टिकट जारी किया है। यह टिकट 13 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जारी किया गया।
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले और दिल्ली सर्किल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कर्नल अखिलेश कुमार पांडेय ने मंत्री के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में संयुक्त रूप से डाक टिकट जारी किया। इस अवसर पर अन्य वरिष्ठ गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।
राम बक्स सिंह ने खासतौर पर ग्रामीण समुदायों के लिए टिकाऊ ऊर्जा समाधान के रूप में बायोगैस तकनीक के विकास और प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने 1957 में उत्तर प्रदेश के सीतापुर में देश के शुरुआती सफल गोबर गैस संयंत्रों में से एक का उद्घाटन किया था। इसके बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश के अजीतमल में एशिया के पहले गोबर गैस अनुसंधान केंद्र में 16 वर्ष तक प्रभारी अधिकारी के रूप में कार्य किया। उन्होंने 15 से अधिक देशों में नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़ी पहलों में भी योगदान दिया।
उनके कार्यों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली। वर्ष 1975 की अमेरिकी सीनेट रिपोर्ट और ‘मदर अर्थ न्यूज’ जैसे प्रकाशनों में उनके काम का उल्लेख किया गया। उन्होंने बायोगैस तकनीक पर कई पुस्तकें भी लिखीं। उनकी पुस्तक ‘बायोगैस प्लांट: जेनरेटिंग मीथेन फ्रॉम ऑर्गेनिक वेस्ट्स’ अमेरिकी लाइब्रेरी ऑफ कांग्रेस की सूची में शामिल है।
उनके शोधपत्रों और पेशेवर अभिलेखों को सितंबर 2023 में राष्ट्रीय अभिलेखागार ने अपने संग्रह में शामिल किया था। इन दस्तावेजों को ‘अभिलेख पटल’ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल रूप दिया गया है। उनके योगदान को राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद की पाठ्यपुस्तकों में भी स्थान मिला है।
डाक विभाग के अनुसार स्मारक डाक टिकट के माध्यम से राम बक्स सिंह के वैज्ञानिक शोध, नवीकरणीय ऊर्जा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में योगदान को सम्मानित किया गया है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

