प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस से की शिकायत

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 21 मई (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ सकती हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने के मामले में उनके खिलाफ दिल्ली में एक पुलिस शिकायत दर्ज कराई गई है।

यह शिकायत भारतीय जनता युवा मोर्चा दिल्ली प्रदेश के प्रवक्ता अभिषेक दुबे ने दक्षिण दिल्ली के तिगड़ी थाने में दी है, जिसमें राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है।

शिकायतकर्ता अभिषेक दुबे के अनुसार 20 मई (बुधवार) एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने देश के प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री के लिए गद्दार जैसे भड़काऊ और अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का बयान न केवल देश के सर्वोच्च संवैधानिक पदों की गरिमा को ठेस पहुंचाता है बल्कि समाज में वैमनस्य, आक्रोश और असंतोष फैलाने का भी काम करता है। सार्वजनिक मंच से ऐसी भाषा का इस्तेमाल लोकतांत्रिक मर्यादाओं के बिल्कुल खिलाफ है।

शिकायत में दिल्ली पुलिस से मांग की गई है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए राहुल गांधी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा अन्य संबंधित विधिक धाराओं के तहत तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाए और उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।

शिकायतकर्ता का कहना कि राजनीति में इस तरह के अमर्यादित आचरण पर रोक लगनी बेहद जरूरी है ताकि भविष्य में कोई भी सार्वजनिक जीवन में ऐसी भाषा का दुस्साहस न कर सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story