देशभर के बंगाली पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के मूड में : समिक भट्टाचार्य

WhatsApp Channel Join Now
देशभर के बंगाली पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के मूड में : समिक भट्टाचार्य


सूरत, 25 फरवरी (हि.स.)। पश्चिम बंगाल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने दावा करते हुए कहा कि देशभर में रह रहे बंगाली अब बंगाल में सरकार बदलने के मूड में हैं। उन्होंने कहा कि एक समय पश्चिम बंगाल देश को दिशा देने वाला राज्य था, लेकिन पहले कम्युनिस्ट शासन और अब तृणमूल कांग्रेस सरकार के कारण हालात बिगड़ गए हैं।

गुजरात के सूरत में पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता करते हुए समिक भट्टाचार्य ने कहा कि पहले बंगाल का व्यापारिक मुकाबला महाराष्ट्र से होता था, लेकिन आज स्थिति काफी बदल चुकी है। भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि राज्य में सरकारी स्कूल बंद हो रहे हैं, निवेश बाहर जा रहा है और जो लोग बंगाल छोड़कर बाहर गए, वे आर्थिक रूप से मजबूत हुए हैं, जबकि राज्य में रहने वाले लोग कमजोर स्थिति में हैं।

कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि 2016 के बाद से चुनाव के पहले, दौरान और बाद में हिंसा की घटनाएं एक परंपरा बन गई हैं। उन्होंने दावा किया कि इन घटनाओं में भाजपा के 300 से अधिक कार्यकर्ताओं की जान जा चुकी है। 2021 के चुनाव परिणाम के बाद 27 दिनों में 56 कार्यकर्ताओं की हत्या हुई और महिला कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार के मामले भी सामने आए। उन्होंने कहा कि हाल ही में भाजपा कार्यकर्ताओं की 36 मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया गया और कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई।

भट्टाचार्य ने तृणमूल सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह विफल हो चुकी है, भ्रष्टाचार बढ़ रहा है और निवेश लगातार बाहर जा रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता अब इस स्थिति से छुटकारा चाहती है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा समझौते की राजनीति करती आई है और वर्तमान में भी तृणमूल कांग्रेस के साथ मिलकर हालात को और खराब कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में घुसपैठ और वोट बैंक की राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है, लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है और आने वाले चुनाव में बदलाव तय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Share this story