तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष का दावा- मुझे और पार्टी नेताओं को किया गया नजरबंद

WhatsApp Channel Join Now
तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष का दावा- मुझे और पार्टी नेताओं को किया गया नजरबंद


हैदराबाद, 14 नवंबर (हि.स.)। तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने शनिवार को दावा किया कि उन्हें और पार्टी के अन्य नेताओं को 'नजरबंद' (हाउस अरेस्ट) कर दिया गया है। उन्होंने कांग्रेस की ओर से हैदराबाद में आयोजित 'भारत समिट' को 'भारत विरोधी समिट' करार दिया।

एन. रामचंद्र राव ने सोशल मीडिया एक्स पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस 'भारत विरोधी समिट' में दुनिया को लोकतंत्र पर उपदेश दे रही है, जबकि कुछ ही किलोमीटर दूर, वह मुझे और भाजपा के कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करके या नजरबंद करके लोकतंत्र का गला घोंट रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार, जो दावा करती है कि उसके पास अपने वादों को पूरा करने या कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने के लिए फंड नहीं है, वह अब करदाताओं की मेहनत की कमाई के करोड़ों रुपये एक ऐसे समिट में उड़ा रही है, जो असल में राहुल गांधी को फिर से लॉन्च करने की एक और कोशिश के सिवा कुछ नहीं है। जब कांग्रेस हमारी मातृभूमि पर ऐसे काम कर रही हो, तो हम चुप नहीं बैठेंगे। हम विरोध जरूर करेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने 'एक्स' पर पोस्ट में कहा कि कांग्रेस सरकार ने मुझे अब तक अनगिनत बार नजरबंद किया है। उन्होंने कहा कि मेरा बस एक ही संदेश है- डरो मत।

इसके अलावा उन्होंने एक और पोस्ट में कहा कि अवैध तरीके से घर में नजरबंद करके भाजपा को नहीं रोका जा सकता। उन्होंने राहुल गांधी के तेलंगाना दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें राज्य में कदम रखने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि हैदराबाद में जो हो रहा है, वह एक 'भारत-विरोधी समिट' है, जिससे देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचता है।

रामचंद्र राव ने कांग्रेस पर चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा नहीं करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार छह गारंटी, जॉब कैलेंडर और रायथु बंधु योजना को लागू करने में नाकाम रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रगतिशील गठबंधन विदेशी ताकतों के साथ मिलकर भारत में सत्ता परिवर्तन की साजिश रच रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776991 Articles

Share this story