मप्र के सागर जिले में जहरीली शराब से 6 ग्रामीणों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के सागर जिले में जहरीली शराब से 6 ग्रामीणों की मौत


सागर, 06 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले की बंडा तहसील अंतर्गत आसपास के कुछ गांवों में जहरीली शराब पीने से 6 लोगों की मौत हो गई। रविवार सुबह सभी को बंडा सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल, एसपी अनुराग सुजानिया सहित पूरा जिला प्रशासन और पुलिस अमला मौके पर पहुंच गया है। प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल का मुआयना कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और पीड़ित परिवारों से जानकारी जुटा रहे हैं।

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने लोगों से अपील की है कि पिछले 24 से 48 घंटे में किसी भी तरह की शराब पी है या जहरीली शराब के लक्षण दिखाई दे रहे हैं तो तुरंत स्क्रीनिंग कराएं। उन्होंने कहा कि लोग स्थानीय डॉक्टरों की टीम से संपर्क कर सकते हैं या सीधे सिविल अस्पताल पहुंचकर जांच करा सकते हैं।

इनकी हुई मौत

पुलिस के अनुसार, मृतकों में गोलू उर्फ चमन लोधी (45), निवासी गूगरा खुर्द, दिग्विजय लोधी (28), निवासी नौराज, करतार सिंह लोधी (30), निवासी नौराज, उजियार सिंह लोधी (56), निवासी गूगरा खुर्द, रोशन लोधी (30), निवासी पाटन थाना विनायका और राजेंद्र लोधी (32), निवासी नौराज-गूगरा शामिल हैं। गोलू उर्फ चमन को पहले से कैंसर की शिकायत होने की जानकारी भी सामने आई है।

पांच मरीज बीएमसी सागर रेफर

हरनाम राय (42), निवासी चौका, उत्तम नत्थू नायक (42), निवासी दलपतपुर, मंगल रजक (40), निवासी गूगरा खुर्द, परम आदिवासी, निवासी हिनौता और धनसिंह आदिवासी (30), निवासी हिनौता को गंभीर हालत में बीएमसी सागर रेफर किया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बंडा में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

स्थानीय सूत्रों और ठेकेदारों के अनुसार, इस हादसे के पीछे आबकारी विभाग की घोर लापरवाही सामने आ रही है। हाल ही में शहर के एक लाइसेंसधारी शराब ठेकेदार ने आबकारी कार्यालय में नकली और अवैध शराब बिकने की शिकायत की थी। इसके अलावा आबकारी विभाग की हालिया बैठक में भी लाइसेंसी ठेकेदारों ने अवैध शराब के कारोबार को लेकर अधिकारियों को जमकर घेरा था। इसके बावजूद विभाग ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिसका खामियाजा 6 बेकसूर ग्रामीणों को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा, ऐसा आरोप लगाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story