प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए नामांकन आमंत्रित, 31 जुलाई अंतिम तारीख
नई दिल्ली, 27 अप्रैल (हि.स.)। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (पीएमआरबीपी) 2026 के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 है।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने सोमवार को एक बयान में बताया कि यह राष्ट्रीय स्तर का एक प्रतिष्ठित पुरस्कार है जो प्रतिवर्ष देशभर के बच्चों की असाधारण उपलब्धियों को मान्यता देने के लिए प्रदान किया जाता है। यह पुरस्कार उन बच्चों को दिया जाता है जो वीरता, खेल, सामाजिक सेवा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण और कला एवं संस्कृति के क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान के पात्र हैं।
बयान के मुताबिक देश में रहने वाला कोई भी भारतीय नागरिक, जिसकी आयु 31 जुलाई 2026 को 5 से 18 वर्ष तक हो, इन पुरस्कारों के लिए पात्र है।
नामांकन केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से https://awards.gov.in पर स्वीकार किए जाएंगे। पुरस्कारों के लिए स्व-नामांकन और अनुशंसा, दोनों पर विचार किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई है। अधिक जानकारी के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर जा सकते हैं।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

