प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय का नया पोर्टल लॉन्च, एक मंच पर मिलेगी संग्रहालय और अभिलेखागार की जानकारी

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 12 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय (पीएमएमएल) ने बुधवार को अपना नया एकीकृत पोर्टल लॉन्च किया। नए पोर्टल के जरिए पीएमएमएल से जुड़ी विभिन्न डिजिटल सेवाओं और वेबसाइटों को एक मंच पर लाया गया है। इसे नागरिकों, शोधकर्ताओं और अन्य उपयोगकर्ताओं के लिए अधिक सुलभ और आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है।

पीएमएमएल की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक नया पोर्टल पहले से अलग-अलग उपलब्ध वेबसाइटों और डिजिटल सेवाओं को एक साथ जोड़ता है। इसका उद्देश्य उपयोगकर्ताओं को अलग-अलग वेबसाइटों पर जाने की जरूरत कम करना और प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय से जुड़ी सामग्री, सेवाओं तथा अभिलेखीय संसाधनों तक आसान पहुंच उपलब्ध कराना है।

पोर्टल में मोबाइल के अनुकूल डिजाइन और सभी नागरिकों के लिए सुलभ सुविधाएं दी गई हैं। इसमें नागरिक सहायता के लिए इंटेलिजेंट असिस्टेंस, स्मार्ट सर्च एवं एनालिटिक्स तथा कार्यक्रमों की जानकारी, टिकट प्रबंधन, डाउनलोड रिपॉजिटरी और फोटो एवं वीडियो गैलरी जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

नए पोर्टल में डायनेमिक कंटेंट मैनेजमेंट सिस्टम भी दिया गया है। इसके अलावा एआई आधारित चैटबॉट भी शामिल किया गया है, जिसे जल्द शुरू किया जाएगा। यह चैटबॉट नागरिकों को जानकारी उपलब्ध कराने और उनसे फीडबैक लेने में मदद करेगा। पोर्टल में ऑटो-आर्काइविंग वर्कफ्लो, इंटेलिजेंट कंटेंट डिस्कवरी और रियल टाइम एंगेजमेंट डैशबोर्ड जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं।

पीएमएमएल के अनुसार, पोर्टल को आधुनिक तकनीकी व्यवस्था पर तैयार किया गया है। यह जीआईजीडब्ल्यू और डब्ल्यूसीएजी एक्सेसिबिलिटी मानकों तथा सीईआरटी-इन के सुरक्षा मानकों के अनुरूप है। इसमें अलग-अलग उपयोगकर्ताओं के लिए भूमिका आधारित एक्सेस कंट्रोल और व्यापक ऑडिट ट्रेल की सुविधा भी है।

पोर्टल लॉन्च करते हुए पीएमएमएल के निदेशक अश्विनी लोहानी ने कहा कि नया पीएमएमएल पोर्टल सुलभ और भविष्य के लिए तैयार डिजिटल सार्वजनिक सेवाओं के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य भारत की समृद्ध राजनीतिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ नागरिकों और दुनिया भर के शोधकर्ताओं के लिए उसे उपलब्ध कराना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story