प्रधानमंत्री ने ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज में महात्मा गांधी सेंटर का किया दौरा

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री ने ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज में महात्मा गांधी सेंटर का किया दौरा


नई दिल्ली 31 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद स्थित स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज में महात्मा गांधी सेंटर का दौरा किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को 'एक्स' पर लिखा, रविवार को ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज में महात्मा गांधी सेंटर का दौरा कई वजहों से दिलचस्प रहा। यहां इंडोलॉजी (भारतीय अध्ययन) का एक जीवंत माहौल देखने को मिला। भारत के बारे में पढ़ने और जानने के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह दिखा। यहां गांधी के जीवन पर बहुत काम हुआ है। यहां के लोगों में तमिल संस्कृति में भी दिलचस्पी बढ़ रही है। इस दौरान छात्रों ने मेरी लिखी कविताओं की कुछ पंक्तियां भी सुनाईं।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी शनिवार से उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान की चार दिवसीय यात्रा पर हैं। इस दौरान वह उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शफकत मिर्जियोयेफ के साथ व्यापार और निवेश, डिजिटल संपर्क, रक्षा तथा ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story