पीएम स्वनिधि योजना में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय सम्मान, बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा भी पुरस्कार के लिए चयनित

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और शहरी पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने राज्य को पीएम स्वनिधि सम्मान पुरस्कार 2026 के लिए चयनित किया है। राज्य के साथ बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा नगरीय निकायों को भी राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चुना गया है।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की संयुक्त सचिव ईशा कालिया ने 16 नवंबर को छत्तीसगढ़ शासन के प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को पत्र भेजकर चयन की जानकारी दी। मंत्रालय ने योजना के सफल क्रियान्वयन में राज्य सरकार और नगरीय निकायों की भूमिका की सराहना करते हुए इसे सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया है।

नई दिल्ली के जनपथ स्थित डॉ आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में 20 नवंबर को सुबह 11 बजे से आयोजित समारोह में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। मंत्रालय ने राज्य सरकार और संबंधित नगरीय निकायों के दस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का उद्देश्य रेहड़ी-पटरी और छोटे कारोबार से जुड़े स्ट्रीट वेंडर्स को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके सामाजिक और आर्थिक विकास को गति देना है। छत्तीसगढ़ और उसके तीन नगरीय निकायों का पुरस्कार के लिए चयन राज्य में शहरी आजीविका और पथ विक्रेताओं के सशक्तीकरण के प्रयासों को मिली राष्ट्रीय पहचान है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779350 Articles

Share this story