पीएम-सेतु योजना के तहत 1,237.58 करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
पीएम-सेतु योजना के तहत 1,237.58 करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी


नई दिल्ली, 07 जुलाई (हि.स.)। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री स्किलिंग एंड एम्प्लॉयबिलिटी ट्रांसफॉर्मेशन थ्रू अपग्रेडेड आईटीआई (पीएम-सेतु) योजना का देशभर में विस्तार किया जाएग। इसके तहत ओडिशा, गुजरात और तेलंगाना में औद्योगिक साझेदारी आधारित आईटीआई उन्नयन के लिए कुल 1,237.58 करोड़ रुपये की रणनीतिक निवेश योजनाओं (एसआईपी) को मंजूरी दी गई है।

केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय की सचिव देबाश्री मुखर्जी की अध्यक्षता में आयोजित पीएम-सेतु की चौथी राष्ट्रीय संचालन समिति (एनएससी) की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में महानिदेशक (प्रशिक्षण) दिलीप कुमार, संयुक्त सचिव मानसी सहाय ठाकुर, विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और अन्य हितधारक शामिल हुए।

समिति ने पीएम-सेतु को पायलट चरण से आगे बढ़ाते हुए देशभर के 200 चिह्नित आईटीआई क्लस्टरों में लागू करने की मंजूरी दी। साथ ही योजना के क्रियान्वयन को सरल बनाने, उद्योगों की भागीदारी बढ़ाने, सार्वजनिक उपक्रमों को जोड़ने और संस्थागत सहयोग को मजबूत करने के उपायों को भी स्वीकृति दी गई।

बैठक में ओडिशा के लिए 240.21 करोड़ रुपये की निवेश योजना को मंजूरी दी गई। इस क्लस्टर में सरकारी आईटीआई बारबिल को हब तथा आनंदपुर, कोईरा, करंजिया और बरकोट आईटीआई को स्पोक संस्थान बनाया गया है। जिंदल नवीन अवसर लिमिटेड को एंकर उद्योग साझेदार चुना गया है।

गुजरात में 240.18 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव को मंजूरी मिली। इस क्लस्टर में सरकारी आईटीआई सूरत हब होगा, जबकि हजीरा, बारडोली, सचिन और सूरत महिला आईटीआई स्पोक संस्थान होंगे। आर्सेलर मित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया को एंकर उद्योग साझेदार बनाया गया है।

तेलंगाना में तीन आईटीआई क्लस्टरों को मंजूरी दी गई है। पहले क्लस्टर में ओल्ड सिटी आईटीआई हब होगा और वारंगल, नलगोंडा बॉयज, विकाराबाद गर्ल्स तथा पंजागुट्टा आईटीआई स्पोक संस्थान होंगे। इसके लिए अपोलो मेड-स्किल्स लिमिटेड 241.01 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।

दूसरे क्लस्टर में पटानचेरू आईटीआई हब होगा, जबकि शादनगर, मरपल्ली, नलगोंडा (न्यू) और भोंगीर आईटीआई स्पोक संस्थान होंगे। श्री सिद्धार्थ इंफ्राटेक एंड सर्विसेज (इंडिया) प्रा.लि. को एंकर उद्योग साझेदार बनाया गया है, जो 275.24 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।

तीसरे क्लस्टर में संगारेड्डी आईटीआई हब होगा और हथनूरा, मेडक, दुब्बाका तथा येल्लारेड्डी आईटीआई स्पोक संस्थान होंगे। न्यूलैंड फाउंडेशन 240.94 करोड़ रुपये के निवेश के साथ एंकर उद्योग साझेदार की भूमिका निभाएगा।

मंत्रालय के अनुसार पीएम-सेतु केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य उद्योगों की भागीदारी के माध्यम से आईटीआई प्रणाली का आधुनिकीकरण, बुनियादी ढांचे का उन्नयन, भविष्य की जरूरतों के अनुरूप पाठ्यक्रम तैयार करना और युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story