प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के दस साल पूरे, देशभर में मंगलवार से शुरू होंगे विशेष कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के दस साल पूरे, देशभर में मंगलवार से शुरू होंगे विशेष कार्यक्रम


नई दिल्ली, 08 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय 9 जून से देशभर में विशेष समारोह और जागरूकता कार्यक्रम शुरू करने जा रहा है। इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।

सोमवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि ”पीएमएसएमए के 10 साल-देखभाल के एक दशक” थीम के तहत राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं और उनके परिवारों को अभियान के तहत उपलब्ध नौ निःशुल्क एवं सुनिश्चित स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देना और समय पर प्रसवपूर्व जांच के लिए प्रेरित करना है।

इस मौके पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री 75 रुपये का स्मारक सिक्का और 5 रुपये का डाक टिकट भी जारी करेंगे। यह सम्मान सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने और मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के एक दशक के योगदान को समर्पित होगा।

उल्लेखनीय है कि इस अभियान की शुरुआत 9 जून 2016 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की थी। योजना के तहत हर महीने की 9 तारीख को गर्भवती महिलाओं को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण प्रसवपूर्व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

पिछले 10 वर्षों में यह अभियान मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में उभरा है। इस योजना से प्रसवपूर्व जांच, जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की पहचान और मातृ स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में उल्लेखनीय सफलता मिली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story