प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के तीसरे चरण में न्यूूजीलैंड पहुंचे, एयरपोर्ट पर पीएम लक्सन ने किया स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के तीसरे चरण में न्यूूजीलैंड पहुंचे, एयरपोर्ट पर पीएम लक्सन ने किया स्वागत


नई दिल्ली, 10 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी यात्रा के तीसरे चरण में शुक्रवार को न्यूजीलैंड की राजधानी ऑकलैंड पहुंचे जहां एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने प्रोटोकॉल तोड़ते हुए उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने उनके अगले गंतव्य पर पहुंचने की जानकारी एक्स पर साझा की।

उन्होंने बताया, “कुछ देर पहले ऑकलैंड पहुँच गया हूँ। हवाई अड्डे पर स्वागत के लिए प्रधानमंत्री लक्सन का आभारी हूँ। यह यात्रा ऐतिहासिक है क्योंकि चार दशकों में यह पहली बार है जब कोई प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड का दौरा कर रहा है। मैं प्रधानमंत्री लक्सन से बातचीत करने और भारत-न्यूजीलैंड मित्रता के सभी पहलुओं पर चर्चा करने के लिए उत्सुक हूँ। मैं कल ऑकलैंड में एक सामुदायिक कार्यक्रम को भी संबोधित करूँगा।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री दो देशों की यात्रा कर दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर ऑकलैंड पहुंचे हैं। यह चार दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की न्यूजीलैंड की पहली आधिकारिक यात्रा है। ऑकलैंड में प्रधानमंत्री लक्सन के साथ वे द्विपक्षीय चर्चा करेंगे और संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे। समीक्षा में पिछले दो वर्षों में व्यापार, वाणिज्य और रक्षा क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

ऑकलैंड में अपने प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री प्रमुख व्यापार और खेल जगत की हस्तियों से भी बातचीत करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री इस यात्रा के दौरान प्रवासी भारतीयों की सभा को संबोधित करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Share this story